बमरौली इलाके में हैप्पी होम के निकट रविवार दोपहर ट्रक की चपेट में आने से सेना के इंजीनियर अखिलेश्वर नाथ राय की जान चली गई। वह रविवार दिन में घर से स्कूटी पर कार्यालय की तरफ जा रहे थे तभी ट्रक ने उन्हें पीछे से टक्कर मारी। उन्हें एक निजी हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन उनकी मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग गया। धूमनगंज थाने की पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया है।
मूल रूप से बिहार में बक्सर जनपद के रहने वाले अखिलेश्वर नाथ राय (59) एमईएस (मिलेट्री इंजीनियरिंग सर्विस) में जेई थे। वह पत्नी रीता और बेटी बबीता के साथ एयरफोर्स कॉलोनी बमरौली में रहते थे। उनका बेटा रीतेश हैदराबाद में रहकर होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा है। बेटी बबीता बीकॉम की छात्रा है। रविवार दिन में करीब ग्यारह बजे वह घर से स्कूटी पर एमईएस कार्यालय के लिए रवाना हुए थे। अखिलेश्वर कुछ दूर गए होंगे तभी पीछे से ट्रक ने उनकी स्कूटी में जबरदस्त टक्कर मार दी। कुछ दूर जाकर ड्राइवर ट्रक से उतरकर भाग गया। बमरौली चौकी प्रभारी आनंद पांडेय ने बताया कि आसपास के लोग गंभीर रूप से घायल अखिलेश्वर को टीपी नगर चौकी के निकट निजी हॉस्पिटल ले गए लेकिन वहां डॉक्टरों ने बताया कि उनकी सांस थम चुकी है। पुलिस ने लावारिस ट्रक कब्जे में ले लिया। यह खाली ट्रक कानपुर लौट रहा था। दुखद घटना की जानकारी पाकर एयरफोर्स और एमईएस के कर्मचारी तथा अधिकारी पहुंच गए। पुलिस ने शव को सीलकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। सोमवार को रिश्तेदारों तथा हैदराबाद से पुत्र के आने पर शव का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार और रिश्तेदारों में हाहाकार मच गया है।