बिना नंबर प्लेटी की कार से आए थे बदमाश
- फोटो : फाइल फोटो
शहर पश्चिमी के पांच बार विधायक रहे फूलपुर के पूर्व सांसद अतीक अहमद अपनी विवादित गतिविधियों के चलते पिछले करीब दो दशक से लगातार सुर्खियों में बने रहे हैं। अतीक अहमद पर हत्या, बलवा, अपहरण, धमकी, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट जैसे 45 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चित है 25 जनवरी 2005 को सुलेमसराय में सरेआम बसपा विधायक राजूपाल समेत तीन लोगों का कत्ल। उस वारदात के बाद दूसरे रोज पूरा शहर बसपा समर्थकों के विरोध और बवाल में जला था। अतीक और उनके भाई अशरफ समेत एक दर्जन आरोपी जेल भेजे गए लेकिन आज तक उस घटना में मुकदमा ही नहीं शुरू हो सका है।
कुछ महीने पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश से सीबीआई ने राजू पाल हत्याकांड की जांच शुरू की है। पिछले साल भर के दौरान ही धूमनगंज और खुल्दाबाद में दो घटनाओं में अतीक को आरोपी बनाया गया लेकिन पुलिस ने जांच में उन्हें क्लीन चिट दे दी। डेढ़ साल पहले कसारी-मसारी में कब्रिस्तान की जमीन पर बने मकानों को बुलडोजर से ढहवाने पर अतीक का नाम आया। मगर पुलिस-प्रशासन ने जांच में उन्हें बरी कर दिया। इसी तरह लगभग साल भर पहले वह अपने 12 साल के बेटे से शादी समारोह फायरिंग कराने पर चर्चा में आए थे। वीडियो व्हाट्स एप पर वायरल हुआ था और टीवी चैनलों पर भी खबर में वीडियो दिखाया गया था। मगर अतीक ने कह दिया था कि उनके पुत्र ने खिलौना पिस्टल से फायरिंग की। अब बाहुबली पूर्व सांसद को सपा ने कानपुर कैंट से उम्मीदवार घोषित किया है।