धूमनगंज इलाके में रविवार रात बाइक सवार बदमाशों ने निजी हॉस्पिटल से घर लौट रहे लैब टेक्नीशियन को रोक मोबाइल लूटने की कोशिश की और विरोध पर तमंचा मारकर उसका सिर फोड़ दिया। लहूलुहान होने के बावजूद युवक ने हिम्मत नहीं हारी और एक लुटेरे को दबोच लिया। बाकी दो बदमाशों ने उसे काफी पीटा लेकिन अपने साथी को छुड़ा नहीं सके। आसपास के लोगों ने आकर भी बदमाश को धुना और पुलिस के हवाले कर दिया। धूमनगंज थाने की पुलिस ने छापेमारी की लेकिन बाकी दोनों बदमाश पकड़ में नहीं आए। पकड़े गए बदमाश को जेल भेजा गया।
मुंडेरा के पास विष्णुपुरी कॉलोनी में रहने वाला प्रवीण कुमार प्रीतम नगर के पास निजी हॉस्पिटल में लैब प्रभारी है। रविवार रात वह हॉस्पिटल से बाइक पर घर लौट रहा था तभी रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे तमंचा सटाकर रोका और मोबाइल फोन छीनने लगे। प्रवीण ने इनकार किया तो उसके सिर पर मुठिया से प्रहार कर दिया। सिर फटने से प्रवीण खून से लथपथ हो गया। इसके बावजूद उसने साहस बटोकर एक बदमाश को पकड़ लिया। पूरी ताकत लगाकर उस पर घूंसे बरसाए। बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी तब भी उसे छोड़ा नहीं।
इसी बीच शोरगुल और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे तो दो बदमाश बाइक पर भाग गए। तीसरे बदमाश को पीटकर धूमनगंज पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसने पुलिस को अपना नाम अभिषेक और पता बमरौली गांव बताया। उसके खिलाफ लूट की कोशिश और हमले का नामजद केस लिखा गया है। उसने पुलिस को अपने दोनों साथियों के नाम बताने में काफी टामलटोल किया। मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।