फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिक्षक के परिवार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती

Sat, 27 Feb 2016 01:27 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
नगर पंचायत झूंसी के वार्ड नंबर दस की गायत्री नगर कालोनी में बृहस्पतिवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने शिक्षक के परिवार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती की घटना को अंजाम दिया। शुक्रवार सुबह शिक्षक के घर डकैती की खबर फैली तो इलाके में सनसनी फैल गई। घटना से शिक्षक परिवार के साथ आसपास के लोग भी दहशत में हैं। सूचना पाकर झूंसी पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम मौके पर गई। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश में जुटी हुई है। शक के आधार पर कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना से भुक्तभोगी परिवार के साथ ही इलाके के लोग भी बुरी तरह डरे हुए हैं।
विज्ञापन


मूलत: बिहार में छपरा मऊ के सरसैना गांव के कन्हैया सिंह झारखंड के एक इंटरमीडिएट कॉलेज में शिक्षक हैं। तकरीबन डेढ़ साल से श्री सिंह नगर पंचायत झूंसी के वार्ड नंबर दस स्थित गायत्री नगर कालोनी में मकान बनाकर रह रहे हैं। इन दिनों घर पर उनकी पत्नी सरोज सिंह, बेटा सुभाष, बेटी श्वेता, भतीजी कंचन, उसका सात साल का बेटा आदित्य हैं। सुभाष मेडिकल की तैयारी कर रहा है। बेटी श्वेता एमकॉम कर रही है। रोज की तरह सुभाष तकरीबन डेढ़ बजे तक पढ़ाई करने के बाद कमरे में सोने चला गया। परिवार के अन्य लोग भी दूसरे कमरे में सो रहे थे। रात तकरीबन दो बजे अचानक किसी ने दरवाजा खटखटाया। सरोज ने समझा कि देवर राजेश आया है। वह बिस्तर से उठीं और दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खुलते ही आधा दर्जन की संख्या में आए नकाबपोश बदमाशों ने भीतर घुसकर महिला के सिर पर तमंचा सटाकर घेर लिया। इसके बाद बदमाशों ने परिवार के अन्य सदस्यों को भी नींद से जगाकर एक जगह एकत्र कर बैठा दिया। बदमाशों ने मासूम आदित्य के सिर पर तमंचा सटाकर जान से मारने की धमक ी देते हुए आलमारी की चाबी मांगी। डरे-सहमे घरवालों ने चाबी बदमाशों को दे दी।

दो बदमाश बंधक घरवालों को कवर किए रहे। जबकि तीन बदमाश आलमारी समेत पूरे घर को खंगालने लगे। नगदी, जेवर समेट लिया। आलमारी से चार लाख रुपये नगद, दो से तीन तोले की सोने की तीन जंजीर, दो मंगलसूत्र, कान की सोने की बाली, कान के टप्स, सोने की 13 अंगूठी, चांदी की पैजनी, करधनी ,अटैची का ताला तोड़कर भीतर रखी ढाई तोले की सोने की जंजीर, चार चूड़ियां, कान की बाली, झुमका, सोने के हार का सेट समेत तकरीबन 30 लाख के आभूषण, पांच महंगे मोबाइल सेट, कैमरा, नगदी, दो पर्स बांध लिया। इसके बाद बदमाशों ने आदित्य की कनपटी पर तमंचा सटाकर अन्य को एक कमरे में बंद कर बाहर से सिटकनी चढ़ा दी। इसके बाद बदमाश छत के रास्ते आराम से फरार हो गए। बाद में बच्चे ने सिटकनी खोली। सुभाष ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई तो झूंसी पुलिस मौके पर पहुंची। शुक्रवार को फोरेंसिक टीम के साथ ही डॉग स्कवायड भी मौके पर पहुंची। खोजी कुत्ता मकान के पिछले हिस्से में कछार में कुछ दूर जाकर रूक गया। इससे यह साफ है कि बदमाश लूटपाट करने के बाद कछार से होकर आराम से भाग निकले। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना से भुक्तभोगी परिवार के साथ ही मोहल्ले के लोग भी डरे हुए हैं।
विज्ञापन


छत पर भी असलहाधारी बदमाश
झूंसी (ब्यूरो)। नगर पंचायत झूंसी के वार्ड नंबर दस की गायत्री नगर कालोनी स्थित शिक्षक के मकान में बदमाशों ने पूरी तैयारी के साथ धावा बोला था। भुक्तभोगी शिक्षक के परिवार की मानें तो घर के भीतर असलहों से लैस होकर घुसे पांच बदमाशों के अलावा छत पर एक से दो बदमाश मौजूद थे। जो बाहर से निगरानी कर रहा था। लूटपाट के दौरान छत के ऊपर से जूतों के धमक की आवाज की आ रही थी। बदमाश छत के रास्ते से घर में घुसे थे। लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश छत के रास्ते फरार भी हो गए। मकान के मेनगेट पर ताला लगा हुआ था।

कौन मुन्नू, आ गए क्या, बदमाशों ने बोला हां
झूंसी (ब्यूरो)। शिक्षक कन्हैया सिंह का छोटा भाई राजेश आजमगढ़ स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है। वह बृहस्पतिवार को मऊ से आने वाला था। सरोज सिंह रात में देवर का ही इंतजार कर रही थीं। इंतजार करते-करते उनकी आंख लग गई। यही वजह थी कि आधी रात को दरवाजा खटखटाया गया तो उन्होंने बहुत तस्दीक करने की जरूरत नहीं समझी। बदमाशों ने जब दरवाजा खटखटाया तो सरोज ने भीतर से राजेश के घर का नाम बुलाते हुए बोला, कौन मुन्नू, आ गए क्या, बदमाशों ने हां में जवाब दिया। इसके बाद जैसे ही सरोज ने दरवाजा खोला तो सामने नकाबपोश बदमाशों को देख सन्न रह गईं। जब तक वह चीखती बदमाशों ने उनके कनपटी पर तमंचा सटाकर चुप करा दिया।

लूटपाट के लिए बदमाशों ने बच्चे को बनाया मोहरा
झूंसी (ब्यूरो)। डकैती की घटना को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने आठ साल के आदित्य को मोहरा बनाया था। बदमाशों ने आदित्य के सिर पर तमंचा सटा दिया। शिक्षक के परिजनों को धमकी देते हुए बोला कि जल्द से जल्द आलमारी की चाभी उन्हें थमा दें नहीं तो बच्चे को उड़ा देंगे। इस पर डरकर परिजनों ने आलमारी की चाभी बदमाशों को सौंप दी।

लूटने आए हैं और लूटकर जाएंगे
झूंसी (ब्यूरो)। शिक्षक के मकान में परिजनों को बंधक बनाकर डकैती को अंजाम देने वाले बदमाशों की बोली-भाषा से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि सभी आसपास के ही रहे होंगे। सभी बदमाशों की उम्र 20 से 24 साल की रही होगी। सभी खड़ी भाषा में ही बातचीत कर रहे थे। भुक्तभोगी की माने तो बदमाश घर के भीतर दाखिल होते ही बोल रहे थे कि वे लूट करने आए हैं और बिना घटना को अंजाम दिए नहीं जाएंगे। सभी ने पैंट-शर्ट, जूते और चप्पल पहन रखे थे।

बेटी की शादी के लिए जमा कर रहे थे गहने
झूंसी (ब्यूरो)। शिक्षक के परिजन बेटी श्वेता के विवाह के लिए सोने के आभूषण जुटा रहे थे। डकैत पल भर में उनके खून-पसीने की मेहनत से जुटाए गए आभूषण उड़ा ले गए। शिक्षक की पत्नी सरोज ने बताया कि थोड़े-थोड़े पैसे एकत्र ेकरने के बाद बेटी की शादी के लिए गहने बनवाए थे। सोचा था कि बेटी की शादी पूरे धूमधाम से करेंगे। शादी के लिए लड़का भी तलाशा जा रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें