हनुमानगंज (इलाहाबाद)। सरायइनायत के सुदनीपुर खुर्द गांव में बुधवार को ट्यूबवेल पर मौजूद 55 वर्षीय जीतेंद्र कुमार सिंह उर्फ बबलू पर बम से हमला कर दिया। घायल जीतेंद्र को अस्पताल ले जाया गया। उसके भाई समेत तीन लोग एक युवती की हत्या के आरोप में जेल में बंद है। आरोप है कि बुधवार को बम हमले में युवती के पिता और भाई समेत तीन लोग शामिल थे। सरायइनायत पुलिस नामजद एफआईआर लिखकर छानबीन कर रही है।
सुदनीपुर खुर्द गांव में 31 जुलाई को मेड़ के विवाद में भूपेंद्र वीर सिंह की बेटी ममता सिंह (19) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस घटना में गांव का रतन सिंह उर्फ रिंकू, सोनू, उसका चचेरा भाई दिलीप जेल में है जबकि लवकुश अभी फरार चल रहा है। जेल में बंद रतन उर्फ रिंकू का भाई जीतेंद्र उर्फ बबलू (55) बुधवार दोपहर करीब तीन बजे अपने ट्यूबवेल के पास कुर्सी पर बैठा था। आरोप है कि तभी बाइक सवार तीन लोगों ने आकर उस पर बम फेंका। पीठ पर बम टकराकर फटने से जीतेंद्र घायल हो गया तो बाइक सवार तीनों लोग भाग गए।
धमाका और चीख सुनकर गांव वाले और परिजन वहां जुट गए। जीतेंद्र को थाने ले जाया गया। वहां से उसे अस्पताल भेजा गया। जीतेंद्र का आरोप है कि उस पर बम से जानलेवा हमला करने वालों में मारी गई युवती ममता का पिता भूपेंद्र वीर सिंह, उसका भाई विजय और रिश्तेदार पप्पू है। वह मंदर मोड़ का रहने वाला है। पुलिस ने पहले तो घटना को संदिग्ध माना हालांकि एफआईआर लिखकर जांच की जा रही है। घटना के आरोपियों को पुलिस खोज रही है।