गिरफ्तार साथियों को बाहरी जेलों
में भेजने से भड़के छात्र नेता
इलाहाबाद। इविवि के हॉस्टलाें को वॉशआउट कराने के निर्णय पर हुए बवाल के बाद गिरफ्तार छात्रसंघ पदाधिकारियों तथा छात्रों को जिले से बाहर की जेलों में भेजे जाने पर समर्थकों का आक्रोश बढ़ गया है। विभिन्न छात्र संगठनों व छात्रसंघ के पूर्व पदाधिकारियों ने इसकी कड़ी निंदा की है। बुधवार को इविवि छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष ऋचा सिंह, छात्रसभा के जिलाध्यक्ष अखिलेश गुप्ता, अभिषेक यादव, आनंद सिंह निक्कू, विक्रांत सिंह जब गिरफ्तार छात्रों से मिलने नैनी जेल पहुंचे तो जेल अधीक्षक द्वारा गिरफ्तार छात्रों को चित्रकूट, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, जौनपुर और मिर्जापुर जेल भेजने की जानकारी दी गई। इस पर प्रतिनिधिमंडल ने नाराजगी जताई।
वापस हो वॉशआउट का निर्णय, कुलपति पर कार्रवाई की मांग
इलाहाबाद। इविवि की घटना को लेकर बुधवार को छात्र संघ भवन पर बैठक कर कुलपति की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए गए। छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि कुलपति के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। गिरफ्तार छात्रों को जिले से बाहर की जेलों में भेजने पर जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर ज्ञापन सौंपा गया। बैठक में रोहित मिश्रा, विक्रांत सिंह, दिनेश यादव, सूरज मिश्रा, आनंद सिंह निक्कू, अभिषेक तिवारी, शेखर विक्रम सिंह, नवीन मिश्रा, सूरज तिवारी, आशीष कुमार, अमित मिश्रा आदि उपस्थित थे। वहीं इविवि छात्रसंघ भवन पर पूर्व अध्यक्ष व छात्रनेताओं की में गिरफ्तार छात्रों को जिले से बाहर की जेलों में भेजने पर आक्रोश जताया गया। साथ ही पूर्व अध्यक्ष दिनेश सिंह यादव व ऋचा सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष आदिल हमजा साहिल, विक्रांत सिंह, अभिषेक यादव, अरविंद सरोज, अजीत यादव आदि ने फूलपुर सांसद नागेंद्र सिंह पटेल की अगुवाई में जिलाधिकारी से मिलकर नाराजगी जताई। उधर बैठक में पूर्व अध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव व विनोद चंद दूबे ने कहा कि यदि छात्र व छात्रसंघ परिवार के साथ ज्यादती हुई तो चुप नहीं बैठेंगे।
इसी क्रम में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की विवि इकाई के अध्यक्ष रत्नेश की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिवम ने कहा कि पुलिस और छात्रों में हुई झड़प निंदनीय है। कहा गया कि हॉस्टल वॉश आउट के लिए यह सही समय नहीं है क्योंकि कई परीक्षाएं होनी हैं। बैठक में सुधीर, मनीष, अभिषेक, अनिल,जय, सतीश, सूर्या विकास, राजू, सुयश मौर्य आदि छात्र उपस्थित रहे।