आई लव यू बोलकर किया था शोहदे ने छात्रा का खून
0 आरोपी युवक गिरफ्तार, गुनाह कुबूला, डेढ़ साल से छात्रा के पीछे पड़ा था मगर उसे झिड़क देती थी वह
अमर उजाला ब्यूरो
मेजा (इलाहाबाद)। यमुनापार के मेजा इलाके में बुधवार शाम ग्यारहवीं की छात्रा प्रेमा पटेल की गला रेतकर हत्या के आरोपी युवक अजय पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसे दबोचने के बाद घटनास्थल के निकट खेत में छिपाया चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी ने कुबूला कि वह करीब डेढ़ साल से छात्रा के पीछे पड़ा था। चोरी में जेल से छूटने के बाद भी बार-बार उससे मिलने की कोशिश की मगर वह झिड़क देती थी। बुधवार सुबह छात्रा ने गालियां देकर उस पर हाथ भी उठाया तो उसने कत्ल का इरादा बनाया। शाम को घर लौटते वक्त आई लव यू बोलने के बाद चाकू से उसकी हत्या कर डाली।
करछना में हथसरा गांव निवासी लालबहादुर पटेल के दो बेटों और दो बेटियों में बड़ी प्रेमा (16) मेजा रोड स्थित बीएनटी इंटर कॉलेज में ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा थी। वह रोज अपने चाचा अमरेश के साथ नाव में टोंस नदी पारकर स्कूल जाती और लौटती थी। बुधवार शाम भी वह लौट रही थी तभी नदी के पास खेत के बगल में एक युवक ने गला रेतकर उसका कत्ल कर दिया। उस वक्त चाचा अमरेश घाट से रवाना हो रही नाव को रुकवाने चला गया था। उसने प्रेमा को मारने के बाद हरे रंग की कमीज पहने युवक को भागते देखा था। पुलिस को घटनास्थल के निकट साइकिल का सीट कवर मिला था। छानबीन में पता चला कि बंधवा गांव का अजय पटेल दोपहर से लापता है। वह कुछ ही दिन पहले जेल से छूटा था। रात भर वह गायब रहा। मेजा चौकी प्रभारी अरविंद सिंह ने उसे बृहस्पतिवार दोपहर दबोच लिया।
सख्ती से पूछताछ में अजय ने गुनाह कुबूल लिया। उसने बताया कि प्रेमा उसके घर के सामने से होकर स्कूल जाती है। वह करीब डेढ़ साल से प्रेमा के प्यार में पागल है लेकिन वह उसे नहीं पसंद करती। पिछले साल उसने रास्ते में रोककर प्यार का इजहार किया तो प्रेमा ने उस पर चप्पल से वार किया था। फिर करीब नौ महीने पहले वह मोबाइल शॉप में चोरी के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। पिछले माह वह जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद फिर स्कूल के रास्ते में कई बार प्रेमा से मिला लेकिन वह उसे अपशब्द कह देती। वैसे भी साथ में चाचा अमरेश के रहने की वजह से वह प्रेमा से बेहद मुश्किल से मिल पाता था। बुधवार सुबह उसने मौका पाकर प्रेमा को रोका तो उसने फिर गाली देते हुए थप्पड़ मार दिया। अजय ने पुलिस को बताया कि तभी उसने ठान लिया कि अब वह प्रेमा को जिंदा नहीं छोड़ेगा।
0000000000
50 रुपये का चाकू खरीद कर दिया खून
-उसने दोपहर में मेजा रोड बाजार जाकर 50 रुपये में धारदार चाकू खरीदा। उस चाकू को उसने प्रेमा के घर वापसी के रास्ते में नदी से पहले खेत में छिपा दिया। हत्या के बाद भागने की योजना के तहत उसने एक अतिरिक्त कमीज साइकिल के कैरियर पर रख ली। दोपहर बाद स्कूल से लौट रही प्रेमा को उसने खेत के बगल से जाते देखा तो उसके पीछे गया। तभी उसका चाचा नाव रुकवाने के लिए भागकर टोंस नदी घाट की तरफ चला गया। अजय के मुताबिक, मौका मिलते ही उसने पास जाकर प्रेमा का हाथ पकड़ा और आई लव यू बोलने के बाद चाकू से उसके गले पर तीन वार किए। प्रेमा खून से लथपथ होकर गिरी तो उसने चाकू खेत में छिपाया, दूसरी कमीज पहनी और साइकिल पर वहां से भाग गया। रात भर वह मांडा इलाके में एक बगीचे में छिपा रहा। दोपहर में घर जाते वक्त पुलिस के हत्थे चढ़ गया।