फेसबुक पर पोस्ट की सीएम की आपत्तिजनक तस्वीर, केस
0 कर्नलगंज इंस्पेक्टर ने मुकदमा दर्ज कर इंटर के छात्र को पकड़ा
0 थाने से ही आरोपी को मिली जमानत, कौंधियारा का रहने वाला
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। फेसबुक पर सीएम की आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट करना इंटरमीडिएट के एक छात्र को महंगा पड़ा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे थाने से ही जमानत दे दी गई। बता दें कि अभी कुछ दिनों पहले ही प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर खीरी पुलिस ने एलएलबी छात्र पर रिपोर्ट दर्ज की थी।
दीपक यादव पुत्र गुलाब यादव कौंधियारा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह इंटर का छात्र है। कर्नलगंज इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात उन्हें पता चला कि दीपक ने अपने फेसबुक अकाउंट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट की है। इसके बाद उन्होंने खुद वादी बनकर रात में ही आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। जांच पड़ताल की गई तो पता चला कि आरोपी कौंधियारा का रहने वाला है। इस पर कौंधियारा पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया। बाद में उसे जमानत मिल गई।
एलएलबी छात्र ने पीएम पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
इससे पहले 6 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में खीरी पुलिस ने एलएलबी छात्र पर केस दर्ज किया था। पुलिस ने बताया था कि लेड़ियारी स्थित डीही खुर्द गांव के रहने वाले एलएलबी छात्र पंकज शुक्ला ने अपने फेसबुक अकाउंट पर प्रधानमंत्री के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी की। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। बाद में उसे भी जमानत मिल गई थी।