कच्चे घर का ताला तोड़कर चोरों ने 40 हजार की नकदी समेत लाखों रुपये के आभूषण उठा ले गए। इसकी जानकारी परिजनों तब हुई जब वह अपने दूसरे घर से कच्चे घर में पहुंचे। जानकारी पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर लग गई। पीड़ित ने गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के तोखा का पुरवा गांव निवासी गुरुचरण दुबे अपने परिजनों के साथ पुराने कच्चे घर के सामने बने पक्के मकान में रात में सो रहे थे। पुराने कच्चे मकान में ही घर का सारा सामान रखा था। रात में चोर कच्चे घर का ताला तोड़कर घुस गए और घर में रखी आलमारी व एक बड़े बक्से का ताला तोडक़र उसमें रखा 40 हजार रुपये नकद व घर में रखे बांस की सीढ़ी के सहारे अटारी पर चढ़ कर वहां रखे पांच बक्सों का ताला तोड़कर चैन, अंगूठी, मंगलसूत्र सहित लगभग साढ़े तीन तोला सोना व लगभग छह सौ ग्राम चांदी के आभूषण उठा ले गए। सुुबह जब घर की महिलाएं पुराने घर में गई तो दरवाजे का ताला टूटा देखकर घर के अन्य परिजनों को बताया। परिजन घर के अंदर जाने के लिये दरवाजा खोलने लगे तो दरवाजा अंदर से बंद था। परिजन किसी तरह दरवाजा तोड़कर घर के अंदर घुसे तो घर में रखी आलमारी व बक्से का ताला टूटा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। ऊपर छत पर गए तो वहां बक्सों का ताला टूटा मिला और आललमारी से 40 हजार रुपये रुपये भी गायब थे। पीड़ित गुरुचरण दुबे ने बताया कि उन्होंने सफेदा बेचा था। इसका पच्चीस हजार रुपये उन्हें कल ही मिले थे। उन्होंने गांव के ही एक युवक के खिलाफ नामजद तहरीर थाने में दी है।