छात्रों की पिटाई करने वाले स्कूल प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर
0 फाफामऊ के रुद्र प्रयाग विद्या मंदिर की घटना ने पकड़ा तूल, डीएम ने बैठाई जांच
0 अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था मामला, फरार प्रबंधक की हो रही तलाश
इलाहाबाद। फाफामऊ के रुद्र प्रयाग विद्या मंदिर में छात्र-छात्राओं की बेरहमी से पिटाई का मामला तूल पकड़ने लगा है। घटना का वीडियो वायरल होने तथा अमर उजाला में इसे प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद जिला और पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। साथ ही अन्य सरकारी संस्थाएं भी सक्रिय हो गई हैं। स्कूल प्रबंधक के खिलाफ रविवार को सोरांव थाना में एफआईआर लिखाई गई। इसके अलावा डीएम ने भी तीन सदस्यीय जांच कमेटी बैठा दी है। उधर, सख्ती बढ़ने के बाद स्कूल बंद करके प्रबंधक फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
स्कूल के प्रबंधक-प्रधानाचार्य सत्येंद्र द्विवेदी ने बृहस्पतिवार को विद्यार्र्थियाें की डंडे से जमकर पिटाई की थी। उसने छात्राआें को भी नहीं बख्शा। वायरल वीडियो में एक छात्र की पिटाई को देखकर कोई भी दहशत में आ जाएगा। मारते-मारते डंडा टूट गया। इसके बाद भी प्रधानाचार्य की बर्बरता नहीं रुकी और वह लाठीनुमा डंडा उठाकर छात्रों की पिटाई करने लगता है। एक के बाद एक छात्र की पिटाई के दौरान वहीं पर सहमें खड़े अन्य विद्यार्थी अपनी बारी का इंतजार कर रहे होते हैं। दो दिन पहले घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल चर्चा में आ गया। इसके साथ प्रशासन भी हरकत में आ गया है। डीएम संजय कुमार ने एसडीएम और सीओ सोरांव तथा जिला विद्यालय निरीक्षक की जांच कमेटी बना दी है। जांच पूरा करने के लिए कमेटी को तीन दिन का समय दिया गया है तथा नौ अगस्त को डीएम को रिपोर्ट साैंपनी है।
इसके अलावा इस मामले में फाफामऊ के चौकी इंचार्ज की तहरीर पर प्रबंधक के खिलाफल मुकदमा लिख लिया गया है। हालांकि शुरू में मामले को दबाने की पूरी कोशिश की गई। पीड़ित छात्र यश द्विवेदी की मां ने चौकी में तहरीर दी थी लेेकिन दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया। अब मामला तुल पकड़ने के बाद चौकी इंचार्ज चन्द्रभूषण मौर्य ने सोरांव थाने में विद्यालय के प्रबन्धक सत्येन्द्र द्विवेदी के खिलाफ तहरीर दी। इस आधार पर प्रबंधक के खिलाफ धारा 74, 75, 82, 66 आईपीसी किशोर न्याय अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फरार प्रबंधक की भी तलाश की जा रही है।
000
सीबीएसई की मान्यता के बगैर चल रहा रुद्र प्रयाग विद्या मंदिर
0 विद्यालय के बाहर सीबीएसई नई दिल्ली, इंग्लिश मीडियम का लगाया गया बोर्ड
इलाहाबाद। छात्र-छात्राओं की बेरहमी से पिटाई को लेकर चर्चा में आए फाफामऊ के रुद्र प्रयाग विद्या मंदिर को सीबीएसई की मान्यता भी नहीं है। खास यह कि 12वीं तक के इस विद्यालय के बाहर बाकायदा रुद्र प्रयाग विद्या मंदिर सीबीएसई, नई दिल्ली इंग्लिश मीडियम का बोर्ड भी लगा है लेकिन वह बिना मान्यता के ही चल रहा है। ऐसे में यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को किस विद्यालय से सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं दिलाई जाती हैं, यह भी सवालों के घेरे में है। घटना से संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद प्रधानाचार्य विद्यालय बंद कर फरार हो गया है। इस बीच यह भी पता चला कि रुद्र प्रयाग विद्या मंदिर को सीबीएसई से मान्यता ही नहीं मिली है। जिले में सीबीएसई से मान्यता प्राप्त 76 विद्यालय हैं और सीबीएसई के रिकार्ड में इस विद्यालय का नाम नहीं है। विद्यालय को बेसिक शिक्षा विभाग से महज कक्षा आठ तक की मान्यता मिली हुई है लेकिन स्कूल प्रबंधन ने इसकी आड़ में न सिर्फ सीबीएसई का बोर्ड लगा दिया, बल्कि 12वीं तक की कक्षाओं में प्रवेश लेकर विद्यार्थियों के करियर से खिलवाड़ कर रहा है।
00
00
‘ प्रधानाचार्य स्कूल बंद करके फरार है, जिसकी वजह से जांच प्रभावित हो रही है। डीएम ने जांच के लिए कमेटी गठित की है। जांच में प्रधानाचार्य के दोषी पाए जाने पर नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस का जवाब संतोषजनक न होने पर बेसिक की मान्यता निरस्त करने के लिए मान्यता कमेटी को लिखा जाएगा।’ संजय कुशवाहा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
00