शाही/दुनका। धनेटा-शीशगढ़ रोड पर शुक्रवार शाम बाइक सवार सशस्त्र लुटेरों ने फाइनेंस कंपनी के वसूली एजेंट को चाकू मारकर डेढ़ लाख रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। भागते वक्त बदमाश उनकी बाइक का प्लग भी खींच ले गए। वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर सीओ समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। उधर, एसपी देहात सीएचसी में घायल एजेंट से मिले।
शाहजहांपुर के थाना सेहरामऊ दक्षिणी के गांव मियांपुर मुदस्सरी निवासी अनुज कुमार श्रीवास्तव भारत माइक्रो फाइनेंसियल इन्क्लूजन लिमिटेड की स्टेशन रोड मीरगंज ब्रांच में रिकवरी एजेंट हैं। कंपनी स्वयं सहायता समूहों को छोटी रकम कर्ज पर देती है। अनुज समेत कई एजेंट गांवों में घूमकर कर्जदार महिलाओं से लोन की किस्तें लेकर ऑफिस में जमा कराते हैं। शुक्रवार शाम अनुज सिमरावां आदि गांवों से रिकवरी कर बैग लेकर लौट रहे थे। शाम पांच बजे बीथम नौगवां-जुन्हाई की पुलिया के पास पीछे से अपाचे बाइक पर फर्राटे भरते आए दो लुटेरों ने लात मारकर अनुज की बाइक गिरा दी। एक ने तमंचा और दूसरे ने चाकू निकालकर अनुज को कब्जे में कर लिया। झपट्टा मारकर कंधे पर लटका बैग छीना। अनुज ने विरोध किया तो एक लुटेरे ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू का एक वार अनुज की गर्दन, दूसरा दाहिने कंधे पर लगा। लात-घूसों से पीटा भी। बाइक का प्लग खींचकर डेढ़ लाख रुपये भरा बैग और स्मार्टफोन लूटकर फर्राटा भरते फरार हो गए। बाइक चालक लुटेरा चेहरा हेलमेट से छिपाए था। पीछे बैठे उसके साथी ने चेहरा कपड़े से ढांक रखा था। पीछे आ रहे दूसरे एजेंट राजेश कुमार मिश्रा ने अपने साथी को जख्मी हालत में देखा तो यूपी 100 पुलिस और मीरगंज ब्रांच मैनेजर रंजीत सिंह को सूचना दी। प्रबंधक रंजीत सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर सीओ आलोक अग्रहरि, शाही एसएचओ अरविंद सिंह चौहान, मीरगंज थाना प्रभारी राजवीर सिंह, फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी भी पहुंचे और छानबीन की। पुलिस ने घायल एजेंट को खिरका सीएचसी भिजवाया। उधर, एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने सीएचसी पहुंचकर अनुज का हालचाल जाना। शाखा प्रबंधक ने लूट की एफआईआर करा दी है। सीओ ने लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कराने का भरोसा दिलाया है। हालांकि प्रथम दृष्ट्या पुलिस घटनाक्रम को संदेह की निगाह से भी देख रही है। सीओ ने पूरे सर्किल के सभी प्रमुख चौराहों पर पुलिस पिकेट लगाकर दुपहिया वाहनों की सघन चेकिंग भी कराई है लेकिन लुटेरों के हुलिये से मिलता कोई संदिग्ध हत्थे नहीं चढ़ा है।
लूट के बाद घटनास्थल पर पहुंचे डीआईजी
बरेली। शाही इलाके में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से लूट के मामले को अधिकारियों ने काफी गंभीरता से लिया है। देर रात डीआईजी रेंज राजेश कुमार पांडेय, एसएसपी मुनिराज जी., एसपी देहात संसार सिंह, एसपी क्राइम रमेश भारतीय आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे। यहां पीड़ित की बाइक पड़ी थी। पीड़ित भी मरहमपट्टी कराकर वहां आ गया। डीआईजी ने उससे घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद एसपी देहात और एसपी क्राइम को संयुक्त रूप से टीम बनाकर जल्दी खुलासे के निर्देश दिए। टीम में स्थानीय थानों की पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच, स्वॉट व सर्विलांस का स्टाफ रहेगा।