इटावा, कानपुर के लिए महत्वपूर्ण)
क्लीनिक से बाहर खींचकर युवक की हत्या
धूमनगंज के मीरापट्टी में भरे चौराहे मारी गई गोली
एसआरएन अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। धूमनगंज के चक मीरापट्टी में क्लीनिक से बाहर खींचकर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। भरे चौराहे हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घायल युवक को एसआरएन ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर दो भाइयों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
प्रदीप सिंह चौहान (23) पुत्र लाखन सिंह चौहान धूमनगंज के चकमीरापट्टी मोहल्ले में किराये पर रहता था। मूल रूप से इटावा जिले के लखना बकेवर का रहने वाला प्रदीप इन दिनों मुंडेरा में आढ़त लगाता था। उसके पिता जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 10 पर फूड स्टाल लगाते थे। बाद में ठेका खत्म होने के बाद वह परिवार समेत गांव चले गए। जबकि प्रदीप यहीं रहता रहा। दोस्त आकाश ने बताया कि रविवार शाम 6.30 बजे के करीब वह और प्रदीप मीरापट्टी चौराहे पर स्थित क्लीनिक में बैठे थे। इसी दौरान मोहल्ले में ही रहने वाले दो सगे भाई क्लीनिक में घुस आए। आते ही उन्होंने प्रदीप का कॉलर पकड़कर उसे पीटना शुरू कर दिया और उसे घसीटते हुए बाहर ले गए। फिर सड़क पर पहुंचते ही उसे गोली मार दी। पसली में दाहिनी तरफ गोली लगते ही प्रदीप हाथ छुड़ाकर भागा तो हमलावरों ने फिर गोलियां दागीं। हालांकि प्रदीप ने एक दुकान में घुसकर भीतर से शटर बंद कर लिया। इसके बाद हवाई फायरिंग करते हुए दोनों हमलावर भाग निकले। खबर मिली तो दोस्त और मोहल्ले के लोग जुटे और प्रदीप को अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। खबर पर धूमनगंज व सिविल लाइंस पुलिस के साथ ही एसएसपी भी अस्पताल पहुंचे। जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। धूमनगंज पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर संदीप उर्फ रघू पासी व उसके भाई आशीष पासी को नामजद किया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।
मोबाइल गायब करने के शक में की वारदात
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि मृतक व हमलावरों के बीच पहले दोस्ती थी। सीओ आलोक मिश्रा ने बताया कि दो दिन पहले एक हमलावर के घर से मोबाइल गायब हो गया था। उसे शक था कि इसमें मृतक का ही हाथ है। हो सकता है कि वारदात इसी खुन्नस में अंजाम दी गई हो। उनके पकड़े जाने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। हालांकि अस्पताल में जुटे दोस्तों ने बताया कि आरोपी सुबह से ही तमंचा लेकर यह कहते हुए घूम रहे थे कि वह प्रदीप को नहीं छोड़ेंगे।
दुकान पर बमबाजी मेें गया था जेल
पुलिस ने बताया कि मृतक का आपराधिक इतिहास था। पिछले साल मुंडेरा बाजार स्थित जूते के शोरूम में बमबाजी मामले में भी उसका नाम सामने आया था। जिसमें उसे गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया था। एक आरोपी रघू प्रयाग संगीत समिति के पास जूस की दुकान चलवाता है।
वर्जन
मृतक व हमलावरों के बीच विवाद की बात सामने आ रही है। वजह क्या थी, इसका पता लगाया जा रहा है। फिलहाल परिजनों की तहरीर पर दो सगे भाइयों को नामजद किया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।
नितिन तिवारी, एसएसपी