0000000000000000000
घर लौट रहे युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या
करेली में बाइक सवार बदमाशों ने की सनसनीखेज वारदात
कनपटी पर सटाकर मारी गोली, मौके पर ही हो गई मौत
परिजनों की तहरीर पर दो नामजद, पुरानी रंजिश की बात आई सामने
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। पुलिस अभी चंद घंटों पहले हुई लूट की वारदात की जांच में लगी ही थी कि शाम को करेली में भरे चौराहे युवक की गोली मारकर हत्या कर बदमाशों ने उसके सामने एक और चुनौती पेश कर दी। मारा गया युवक घर लौट रहा था और तभी उसे शिकार बनाया गया। पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। जांच की जा रही है।
सुनील कुमार प्रजापति पुत्र बेनीप्रसाद धूमनगंज के धुस्सा का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक वह गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई में एकाउंटेंट था। हालांकि अफसरों का कहना है कि वह एक माह पूर्व तक आउटसोर्सिंग पर टाइपिंग का काम करता था। सोमवार शाम 5.30 बजे के करीब वह साइकिल से घर लौट रहा था। अभी वह करेली में पुष्पांजलि नगर के पास पहुंचा था कि तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने नकाब बांध रखा था। इसके बाद उन्होंने सुनील को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। घटना से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना पर करेली थाने की फोर्स पहुंच गई। कुछ देर बाद एसपी सिटी बृजेश कुमार श्रीवास्तव भी पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पूछताछ में बताया कि गोली लगते ही सुनील लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोग भागकर पहुंचे तो सुनील की सांसें चल रही थीं। इस दौरान उसने अपना नाम व पता बताया। हालांकि अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी सांसें थम गईं। उधर, खबर पर परिजन भी पहुंचे और बिलखने लगे। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम मामले में परिजनों ने धूमनगंज निवासी विजय श्रीवास्तव व उसके भाई विशाल श्रीवास्तव के खिलाफ नामजद तहरीर दी। आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश में हत्या की गई। करेली पुलिस ने बताया कि जांच की जा रही है।
परिजनों ने पुरानी रंजिश की बात बताई है। उनकी तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी
...तो ससुराल पक्ष से जुड़े विवाद में हुई हत्या
छेड़छाड़ के विरोध पर रंजिश रखने लगा था आरोपी
खुद पर दर्ज मुकदमे की पैरवी से भी था नाराज
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। करेली में युवक की हत्या की जांच में जुटी पुलिस को कुछ अहम बातों की जानकारी हुई है। दरअसल, मृतक का कोई सीधा विवाद तो सामने नहीं आया है लेकिन उसके ससुराल पक्ष से जुड़े विवाद की बात जरूर पता चली है। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद को लेकर सुनील को मौत के घाट उतारा गया।
पुलिस के मुताबिक, मुकदमा मृतक के साले पुष्पराज की तहरीर पर लिखा गया है। तहरीर में पुरानी रंजिश की बात लिखी गई है लेकिन यह रंजिश क्या थी, इसका जिक्र नहीं है। हालांकि सूत्रों की मानें तो मृतक की हत्या ससुराल पक्ष से जुड़े एक विवाद में हुई। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी विजय कुछ साल पहले तक सुनील के ससुराल पक्ष की एक युवती से आए दिन छेड़छाड़ करता था। जिसका विरोध करने पर वह सुनील से रंजिश रखने लगा था। साथ ही विजय इस बात से भी नाराज था कि उसके खिलाफ दर्ज एक मुकदमे की पैरवी सुनील कर रहा था। दरअसल सुनील के ससुराल पक्ष की ओर से हत्या के प्रयास का एक मामला आरोपी विजय के खिलाफ दर्ज कराया गया था, जिसमें चार्जशीट भी लग चुकी है।
अन्य कई बिंदुओं पर भी जांच
पुलिस सूत्रों की मानें तो जांच पड़ताल में एक और विवाद की बात भी सामने आई है। पता चला है कि सुनील के चकनिरातुल निवासी साले व ससुर पर करीब चार महीने पहले खुल्दाबाद थाने में हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज कराया गया था। हालांकि विवेचना के दौरान आरोप झूठे पाए जाने पर पुलिस ने इसमें अंतिम रिपोर्ट लगा दी थी। यह मुकदमा सुनील के पड़ोस में रहने वाले रजत प्रजापति की ओर से दर्ज कराया गया था। ऐसे में इस बिंदु को भी ध्यान में रखकर पुलिस जांच में जुटी है।
मासूम के सिर से छीन लिया पिता का साया
सुनील की हत्या से उसके परिवार में कोहराम है। हत्यारों ने पांच साल की मासूम बेटी सिद्धि के सिर से पिता का साया छीन लिया। उधर पत्नी ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल है। वह इन दिनों गर्भवती भी है। बेटे की मौत की खबर मिलने पर मृतक के बुजुर्ग माता-पिता तो बदहवास से हो गए। उनकी हालत देखकर आसपास के लोगों की भी आंखें भर आईं।
फोर्स संग आईजी ने किया पैदल मार्च
उधर देर शाम आईजी मोहित अग्रवाल भी करेली थाने पहुंचे और मातहतों को दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने कोतवाली व सिविल लाइंस क्षेत्र में फोर्स के साथ फुटमार्च किया। एसएसपी को निर्देशित किया कि जिले में 40 महत्वपूर्ण स्थानों को चिह्नित कर बैरियर लगाए जाएं व वहां सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाए। इसके अलावा सिविल लाइंस में सड़क पर वाहनों को खड़े देख उन्होंने नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि पार्किंग में न खड़े वाहनों को क्रेन से खिंचवाकर कार्रवाई की जाए।