22 अभ्यर्थियों की तलाश, सेंटर पर होगी छापामारी
120-बी का आरोपी बनाया जाएगा
एक कोचिंग संचालक की खोजबीन में छापेमारी
प्रयागराज। धूमनगंज पुलिस ने जिस साल्वर गैंग का खुलासा किया है, उसमें 22 अभ्यर्थी भी शामिल हैं। इन लोगों ने अपनी जगह दूसरों को बैठाने का पूरा कुचक्र रचा था। साल्वर गैंग से सभी लड़कों के नाम पता चल गए हैं। जिन सेंटरों पर उन्हें परीक्षा देनी थी, वहां रविवार को छापेमारी की जाएगी। इस मामले में एक कोचिंग संचालक और उसके कुछ साथियों की भी खोजबीन की जा रही है। उसकी तलाश में कई जगह छापेमारी की गई। उसके मिलने के बाद पूरे मामले का खुलासा होगा।
धूमनगंज पुलिस ने शुक्रवार रात राजरूपपुर में साइबर कैफे में छापामारी कर पंकज सिंह, अमरजीत, जगजीवन यादव और कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया था। उनके पास से लैपटॉप, मोबाइल, प्रवेश पत्र, फर्जी पहचान पत्र और टीईटी के प्रवेश पत्र बरामद किए गए हैं। टीईटी की परीक्षा में गैंग पास कराने का झांसा देकर दो से दस लाख रुपये तक का ठेका लेता था। सिर्फ इस गैंग ने तकरीबन 50 लड़कों को परीक्षा में पास कराने का ठेका लिया था। पूछताछ और जांच के बाद पता चला है कि इस गैंग से एक कोचिंग संचालक भी जुड़ा हुआ है। गैंग के लोगों के पकड़ने जाने की भनक लगते ही वह फरार हो गया था। उसके कुछ साथी भी पुलिस के निशाने हैं। इंस्पेक्टर संदीप मिश्रा ने बताया कि इस गिरोह ने 22 अभ्यर्थियों से मोटी रकम इस बात के लिए ली थी कि उनकी जगह कोई दूसरा व्यक्ति परीक्षा में बैठेगा। इसके लिए कुछ सेंटरों पर भी सेटिंग की गई थी। पुलिस को उन 22 अभ्यर्थियों को नाम मिल गए हैं। उनको भी इस मामले में 120 बी का आरोपी बनाया जाएगा। उनकी तलाश में रविवार को छापेमारी भी की जाएगी। अब तक की जांच में पता चला है कि गिरोह के तार काफी दूर तक जुड़े हैं। कई जिलों के लोग साल्वर गैंग के संपर्क में है। गिरोह के कुछ लोग पेपर आउट करने के प्रयास में भी लगे थे। कोचिंग संचालक के मिलने के बाद भी पूरे मामले से पर्दा उठेगा। फिलहाल जितने लोगों के नाम पता चले हैं, सबकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
जेल भेजे गए चारों आरोपी
प्रयागराज। धूमनगंज पुलिस द्वारा गिरफ्तार पंकज सिंह, अमरजीत सिंह, जगजीवन यादव और कुलदीप सिंह को शनिवार को जेल भेज दिया गया। इससे पहले चारों से लंबी पूछताछ हुई थी। उनके मोबाइल से भी काफी जानकारी मिली थी। शनिवार को एसएसपी नितिन तिवारी ने पुलिस लाइन में बताया साल्वर गैंग से पूछताछ में कई बातों की जानकारी मिली है, जिन पर काम चल रहा है। जल्द ही जानकारी दी जाएगी।