वकील से मोबाइल, पैसे छीनने वाले तीन नाबालिग गिरफ्तार
सर्विलांस से पकड़े गए, दोनों मोबाइल बरामद
इलाहाबाद। कीडगंज थाना क्षेत्र में काली सड़क के पास एक महीना पहले वकील से मोबाइल पैसे छीनने वाले तीन नाबालिगों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को सर्विलांस सेल की मदद से पकड़ा गया। आरोपी सिम बदलकर मोबाइल का प्रयोग कर रहे थे। इसी कारण वे पकड़ में आ गए।
खरकौनी नैनी के रहने वाले गौरीशंकर चतुर्वेदी अधिवक्ता हैं। चार नवंबर की शाम वह अपनी बाइक से किसी काम से तिकोनिया से आगे काली सड़क की ओर बढ़े। वहीं उन्हें चार लड़कों ने रोक लिया और उनके दोनों मोबाइल और 12 हजार रुपये छीन लिए। गौरीशंकर ने कीडगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसओ कीडगंज अशोक सिंह ने बताया गौरीशंकर के दोनों मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया था। लड़कों ने उनका सिम निकालकर दूसरा सिम लगा लिया था। सर्विलांस से नए नंबरों का पता चला और पुलिस ने रविवार को बैरहना के रहने वाले तीन नाबालिगों को गिरफ्तार कर उनके पस से दोनों मोबाइल और 13 सौ रुपये बरामद कर लिए। चौथा आरोपी पुलिस को देखते ही फरार हो गया था। उसे नामजद किया गया है।