एसएसपी कार्यालय का घेराव, सीओ से नोकझोंक
छात्रा से गैंगरेप मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर फूटा लोगों का गुस्सा, जोरदार प्रदर्शन
पुलिस पर लापरवाही का आरोप, जमकर नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। बीएएमएस छात्रा से गैंगरेप मामले में चार दिन बाद तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। जिसके बाद उन्होंने एसएसपी कार्यालय का घेराव कर दिया। यहां उनकी सीओ दारागंज से तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में एसपी सिटी ने पहुंचकर जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया तब लेाग शांत हुए।
बहरिया निवासी बीएएमएस छात्रा से 23 फरवरी को झूंसी में गैंगरेप हुआ था। मामले में तीन नामजद व 6-7 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। हालांकि चार दिन बाद भी मुख्य आरोपी को छोड़कर अन्य की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसी को लेकर मंगलवार को अधिवक्ताओं व सामाजिक संगठनों ने दोपहर बाद एसएसपी कार्यालय का घेराव कर दिया। चार बजे के करीब अधिवक्ता व अन्य लोग कार्यालय पहुंचे तो पता चला कि एसएसपी मौजूद नहीं हैं। ऐसे में वह उनकेा बुलाने की मांग करने लगे। पुलिसकर्मियों ने समझाना चाहा लेकिन वह नहीं माने। साथ ही नारेबाजी भी करने लगे। इसी दौरान वहां सीओ दारागंज आदेश कुमार त्यागी पहुंच गए। उन्होंने जल्द कार्रवाई की बात कही लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोग एसएसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने प्रदर्शन खत्म करने को कहा जिस पर उनकी प्रदर्शनकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद भी लोग जमा रहे तो सीओ भीतर चले गए। सूचना पर एसपी सिटी जार्जटाउन, कर्नलगंज व शिवकुटी की फोर्स लेकर पहुंचे। साथ ही बताया कि जरूरी मीटिंग में व्यस्त होने के कारण एसएसपी ने उन्हें भेजा है। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी न की गई तो प्रदेश भर में आंदोलन किया जाएगा। एसपी सिटी ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया तब लोग शांत हुए। प्रदर्शन करने वालों में हाईकोर्ट अधिवक्ता सुनील चौधरी के अलावा अन्य वकीलों के अलावा इलाहाबाद जनकल्याण समिति व ज्योति वेलफेयर सोसायटी के सदस्य शामिल रहे।