क्रेडिट कार्ड के झांसे में फंसकर गवां दिए 83 हजार
शिवकुटी थाने में दर्ज कराई अज्ञात जालसाज के खिलाफ रिपोर्ट
इलाहाबाद। क्रेडिट कार्ड बनवाने के लुभावने झांसे में फांसकर एक प्रापर्टी डीलर अपना 83 हजार रुपया गंवा बैठा। जालसाजों ने उसके कार्ड का इस्तेमाल करके 83 हजार रुपये की खरीददारी कर डाली। वह बैंक में पूछताछ को गया तब बैंक ने उतनी ही रकम की एक ईएमआई उसके खाते से बना दी। इस दोहरी मार का पता जब भुक्तभोगी का चला तब उसका सर घूम गया। उसने शिवकुटी थाने पहुंचकर अज्ञात जालसाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना शिवकुटी के रसूलाबाद में एमआईजी कॉलोनी निवासी जवाहर लाल ने पुलिस को बताया उसके पास एमएनआईटी शाखा स्थित एक बैंक से क्रेडिट कार्ड बनवाने का फोन आया। शुरुआत में उसने इंकार किया लेकिन कई बार फोन आने पर वह राजी हो गया। इसके बाद 19 मई को कोरियर से कार्ड भेजा गया लेकिन गांव में होने से वह इसे ले नहीं सका। डिलेवरी होने के बाद बैंक ने फोन पर ही पिन जनरेट कराने को कहा। भुक्तभोगी का कहना है पिन जनरेट करने के नाम पर उससे अलग-अलग फोन नंबर से जानकारियां ली गईं। उसके बाद भी पिन जनरेट न होने पर उसको सिविल लाइंस मुख्यालय भेजा गया। जब उसने पता कि तब उसे बताया गया कि खाते से 83 हजार रुपये की खरीददारी कर लिया गया। यह सुनकर उसके होश फाख्ता हो गए। तभी बैंककर्मी ने इस रकम की उसके खाते से ईएमआई बना डाली। डबल झटका खाने के बाद भुक्तभोगी ने कस्टमर केयर में फोन करके अपने कार्ड को बंद कराया। उसके बाद उसने शिवकुटी पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात जालसाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।