गैस कटर से दरवाजा काटकर सात लाख की चोरी
परिवार समेत गांव गया था आभूषण व्यवसायी
गहने और नकदी के अलावा और कुछ नहीं ले गए चोर
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
धूमनगंज थाना क्षेत्र के झलवा इलाके में शुक्रवार को चोरों ने एक दिव्यांग आभूषण व्यवसायी के घर का दरवाजा गैस कटर से काटकर सात लाख की नकदी और गहने उड़ा दिए। व्यवसायी अपने परिवार के साथ एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गांव गया था। रात में तीन बजे लौटे तो पुलिस को सूचना दी। उन्होंने किसी पर शक नहीं जताया, लेकिन तय है कि किसी की मुखबिरी पर घटना को अंजाम दिया गया है। अब पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी है।
कौशाम्बी के पिपरी थाना क्षेत्र के लोधउर गांव के रहने वाले संतोष सोनी एक पैर से दिव्यांग हैं। तील्हापुर में संतोष ज्वैलर्स के नाम से उनकी आभूषणों की दुकान है। उन्होंने झलवा में घर बनवाया हुआ है। पत्नी सुनीता और तीन बच्चों सत्यम, शिवम और सेजल के साथ वह झलवा में ही रहते हैं। शुक्रवार को गांव में चाचा के घर कथा और निशान चढ़ाने का कार्यक्रम था। उसी में शरीक होने के लिए संतोष पत्नी और बच्चों के साथ गांव गए थे। वह रात को तीन बजे वापस लौटे तो दरवाजे पर पहुंचते ही उनके होश उड़ गए। दरवाजे को गैस कटर से काटा गया था। अंदर मजबूत आलमारी को गैस कटर से नहीं काट पाए तो सब्बल से पल्ला टेढ़ा करके लॉकर से तकरीबन पांच लाख के जेवर और एक लाख अस्सी हजार रुपये नकद गायब थे। चोर सेजल का गुल्लक भी उठा ले गए थे। बाकी किसी अन्य किसी सामान को हाथ नहीं लगाया था। उन्होंने नकदी और गहने ढूंढने के लिए पूरा घर खंगाल डाला था। सूचना पर पुलिस रात में ही पहुंच गई थी। दिन में फील्ड यूनिट और डाग स्क्वायड भी पहुंचा। शनिवार को एफआईआर दर्ज कर ली गई। संतोष का कहना है कि उन्हें शनिवार को किसी को पौने दो लाख देने थे। इसी कारण घर में एक लाख अस्सी हजार रखे हुए थे। ऐसा लग रहा है कि किसी को घर में गहने रुपये रखे होने की बात मालूम थी। जब उसे यह पता चला कि वह गांव जा रहे हैं तो चोरी कर ली। हालांकि उन्होंने किसी पर शक नहीं जाहिर किया है। इंस्पेक्टर एके त्यागी ने बताया कि जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि किसे किसे मालूम था कि संतोष शुक्रवार को नहीं रहेंगे।