बैंक रोड बवाल:दो मुकदमे दर्ज, 250 अज्ञात पर रिपोर्ट
पुलिस व ताराचंद हॉस्टल अधीक्षक ने दर्ज कराया मामला
गेस्ट हाउस में छेड़खानी के विरोध पर युवकों ने किया था बवाल
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कर्नलगंज में गेस्ट हाउस व बैंक रोड पर हुए बवाल के मामले में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पहला मुकदमा पुलिस की ओर लिखाया गया है जिसमें 250 अज्ञात उपद्रवियों पर एफआईआर दर्ज की गई है। दूसरा मुकदमा ताराचंद हॉस्टल के अधीक्षक की तहरीर पर लिखा गया है।
बैंक रोड पर राजर्षि टंडन सेवा केंद्र गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में सोमवार रात कुछ बिन बुलाए युवक पहुंच गए थे। खाना खाने के बाद वह महिलाओं से छेड़खानी करने लगे जिसका विरोध हुआ तो वह उग्र हो उठे। मेहमानों की संख्या ज्यादा देख उस वक्त वह चले गए लेकिन कुछ देर बाद 50-60 साथियों के साथ वापस आए और मारपीट, तोड़फोड़ शुरू कर दी। खाना भी फेंक दिया, साथ ही खानसामों से मारपीट की। इसके बाद बाहर आकर बैंक रोड पर खड़ी मेहमानों की आधा दर्ज गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात में ही हॉस्टल में छापेमारी कर एक दर्जन युवकों को हिरासत में लिया। इस दौरान वहां खड़ी गाड़ियों पर भी पुलिसकर्मियों ने गुस्सा उतारा। देर रात विवि चौकी इंचार्ज योगेश सिंह की तहरीर पर कर्नलगंज थाने में 250 अज्ञात उपद्रवी युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इसमें आरोप है कि युवकों ने न सिर्फ गेस्ट हाउस में बवाल किया बल्कि बैंक रोड पर आधा दर्जन गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे आम लोगों में भय व्याप्त हो गया और कानून व्यवस्था का भी खतरा उत्पन्न हो गया।
हॉस्टल में बाहरी युवकों ने की मारपीट
उधर ताराचंद हॉस्टल के अधीक्षक राकेश सिंह ने भी तहरीर देकर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया। उनका आरोप है कि रात 11 बजे के लगभग हॉस्टल में कुछ अज्ञात अराजक तत्व घुस आए। जिसके बाद उनके व छात्रों के बीच जमकर विवाद हो गया। अराजक तत्वों ने पथराव व तोड़फोड़ शुरू कर दी जिससे एक घंटे तक हॉस्टल में अराजकता का माहौल रहा। उनकी तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है। कर्नलगंज पुलिस ने बताया कि बवाल के मामले में दो मुकदमे दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
हिरासत में लिए गए 16 युवकों का चालान
उधर बैंक रोड बवाल के बाद ताराचंद हॉस्टल से हिरासत में लिए गए 16 युवकों का पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया है। इनमें आयुष तिवारी, राज कमल बिंद, अमित कुमार, नीलेश कुमार, अंकुर चौहान, सुरेश मौर्या, अभिषेक पांडेय, आदित्य पांडेय, अंकित कुमार, सुरेन्द्र, उदयभान, हिमांशु सिंह, प्रमोद कुमार मौर्या, अजीत कुमार, इंद्रजीत सिंह और जय सिंह शामिल हैं। उधर हॉस्टल में हुए बवाल के मामले में कई बाइकें व वहां खड़ी तीन कारें भी क्षतिग्रस्त हुईं। पुलिस ने बाइकों को तो छोड़ दिया लेकिन कारों को थाने लाकर सीज कर दिया। चर्चा रही कि इनमें से एक कार जेल में बंद पूर्व छात्रनेता की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह नहीं पता चल सका है कि गाड़ी किसकी है। जानकारी जुटाई जा रही है।