झगड़ा रोकने गई पुलिस पर हमला, सिपाही का सिर फटा
धूमनगंज के कसारी मसारी में आधी रात वारदात
शराब के नशे में धुत युवकों ने चलाए ईट-पत्थर
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। धूमनगंज के कसारी-मसारी में बृहस्पतिवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। यहां झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला बोल दिया गया। शराब के नशे में धुत युवकों ने पुलिस केा देखते ही ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। जिसमें डायल 100 के एक सिपाही का सिर फूट गया। खबर पर कई थानों की फोर्स पहुंची तो हमलावर भाग निकले।
कसारी मसारी मोहल्ले में पानी की टंकी के पास रहने वाले एक परिवार में बृहस्पतिवार को किसी की शादी थी। शादी की रस्में चल रही थीं कि इसी दौरान रात 11.30 बजे के करीब यहां छेड़खानी को लेकर दो गुटों में झगड़ा हो गया। दोनों पक्ष के युवक शराब के नशे में धुत थे और देखते ही देखते उन्होंने एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। मारपीट होते देख मेहमानों में भगदड़ मच गई। इसी दौरान किसी ने सूचना दी तो पीआरवी 81 व 86 नंबर की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मारपीट कर रहे युवकों को रोका तो उन्होंने गालीगलौच करते हुए पुलिस पर ही ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। पथराव होते देख पुलिसकर्मी पीछे हटे लेकिन इस दौरान 81 नंबर की गाड़ी पर तैनात सिपाही नीरज का सिर फट गया जिससे वह लहुलुहान हो गया। पुलिस पर हमले की सूचना मिली तो हड़कंप मच गया। आननफानन में आसपास के थानों की फोर्स संग धूमनगंज पुलिस भी पहुंच गई। जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में ले लिया। हालांकि वह खुद के झगड़े में शामिल होने की बात से इंकार करता रहा। खबर लिखे जाने तक पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी थी। उधर घायल सिपाही को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। इंस्पेक्टर जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि घटना में एक सिपाही घायल हुआ है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जाएगी।
कुछ घंटे पहले ही मिली थी नियुक्ति
इंस्पेक्टर जयप्रकाश शर्मा को बृहस्पतिवार शाम को ही धूमनगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया था। अब तक वह इसी थाने में अपर प्रभारी निरीक्षक कानून व्यवस्था के पद पर तैनात थे। पिछले दिनों चुनाव आयोग के निर्देश पर इंस्पेक्टर संदीप मिश्रा को लाइन हाजिर किए जाने के बाद से ही धूमनगंज थाने में प्रभारी निरीक्षक का पद खाली चल रहा था। चुनाव आयोग के निर्देश के बाद एसएसपी ने शाम को ही उनकी नियुक्ति का आदेश जारी हुआ।