मीरगंज/बरेली। पुलिस ने गुरुवार को मीरगंज के कुतुबपुर गांव के एक घर में चलती शस्त्र फैक्ट्री और असलहा तस्कर को पकड़ लिया। कई बने-अधबने हथियार और उपकरण बरामद हुए। आरोपी दो बार इसी आरोप में पहले भी जेल जा चुका है।
एसपी देहात संसार सिंह के साथ सीओ मीरगंज आलोक अग्रहरि ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता करके खुलासा किया। बताया कि थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम कुतुबपुर गांव में ताराचंद के घर छापा मारा। मौके से एक अवैध सिंगल बैरल बंदूक, .32 बोर की एक अवैध रिवाल्वर, 315 व 312 बोर का एक-एक तमंचा, चार अधबने तमंचे और 11 छोटी-बड़ी तमंचों की नालें बरामद हुईं। इसके अलावा ड्रिल मशीन, डाई समेत 50 से ज्यादा उपकरण भी मिले। पुलिस ने भागने की कोशिश कर रहे ताराचंद को भी पकड़ लिया। थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि ताराचंद पर अवैध शस्त्र फैक्ट्री चलाने के दो मुकदमे मीरगंज में पहले से ही दर्ज हैं। ब्यूरो