एलएलबी छात्रा का नहीं मिला सुराग
तीन दिन पहले हुआ था अपहरण, पुलिस तलाश में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र के सीएमपी लॉ कॉलेज से अगवा एलएलबी छात्रा का तीसरे दिन भी सुराग नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। कॉल डिटेल से बहुत कुछ साफ हो जाएगा।
नैनी की रहने वाली छात्रा का परिवार मूल रूप से बिहार के मुधबनी का रहने वाला है। पिता राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम में कार्यरत हैं। छात्रा कोतवाली क्षेत्र स्थित सीएमपी लॉ कॉलेज में एलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर में पढ़ती है। घरवालों ने आरोप लगाया था कि छह जुलाई को छात्रा घर से सुबह आठ बजे कॉलेज के लिए निकली थी। दोपहर दो बजे के करीब उसने फोन कर बताया कि तीन-चार लोगों ने उसे कार में खींचकर अगवा कर लिया है। वह उसे लेकर स्टेशन पहुंचे और फिर किसी ट्रेन में बैठाकर कहीं ले जा रहे हैं। इसके बाद फोन कट गया और नंबर भी बंद हो गया। घरवालों ने देर शाम कोतवाली में तहरीर दी जिसके आधार पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि छात्रा के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। कॉल डिटेल मिलने के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी। परिवारवालों ने जिस विजय नाम के युवक पर संदेह जताया है उसका भी पता लगाया जा रहा है।