छह दिन से लापता निलंबित शिक्षक के अपहरण का मुकदमा दर्ज
क्रासर
साले के फोन पर 40 लाख रुपये की फिरौती का मैसेज आने के बाद परिजन पहुंचे थाने
फतेहपुर में तैनात शिक्षक ने नौकरी दिलाने के नाम पर वसूले हैं लाखों रुपये, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
फाफामऊ।
निलंबित होने के बाद लापता चल रहे एक शिक्षक के अपहरण का केस बृहस्पतिवार को सोरांव पुलिस ने दर्ज कर लिया। शिक्षक के रिश्तेदारों ने बदमाशों द्वारा फोन पर 40 लाख की फिरौती मांगने की भी शिकायत की। पुलिस शिक्षक के गायब होने से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शिक्षक ने नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपये वसूले भी हैं। इसके अलावा पेशे से जुड़ी प्रतिद्वंदिता और अन्य रंजिशों का भी पता लगाया जा रहा है।
मऊआइमा थाना क्षेत्र के बटहा गांव निवासी बजरंगी गुप्ता शांतिपुरम सेक्टर- सी में किराए के मकान में रहते थे। फतेहपुर जिले के एक प्राथमिक विद्यालय में उनकी तैनाती थी। बृहस्पतिवार को उनके साले श्रीचंद्र गुप्ता सोराव थाने पर पहुंचे। वहां पुलिस को उन्होंने तहरीर दी कि उनके जीजा का अपहरण कर लिया गया है। 40 लाख रुपये फिरौती मांगी जा रही है। रिश्तेदार के मोबाइल पर आए फिरौती के मैसेज को देखकर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। छानबीन में पुलिस को पता चला है कि बजरंगी 18 जनवरी से ही लापता हैं। शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर उसने कई लोगों से लाखों रुपये की वसूली भी की थी।