आगरा की फर्जी मोबिल ऑयल कंपनी का संचालक गिरफ्तार
इलाहाबाद सहित कई प्रदेशों में डीलरशिप के नाम पर ठगे थे कई करोड़
दो संचालक और दो दर्जन एजेंटों की तलाश में छापामारी
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। क्राइम ब्रांच इलाहाबाद ने फर्जी मोबिल ऑयल कंपनी आगरा की प्रॉक्स टाइम पावर आटो मोटिव प्राइवेट लिमिटेड के संचालक अमित चाहर को आगरा के ताजगंज इलाके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसी कंपनी के दो और संचालक राज जादौन और अनिल शर्मा की गिरफ्तार करने के लिए आगरा के आधा दर्जन स्थानों पर दबिश दी गई लेकिन सफलता नहीं मिली। डीलरशिप के नाम पर कारोबारियों से कई करोड़ रुपये वसूलने वाले दो दर्जन एजेंटों की भी तलाश की जा रही है।
एसपी क्राइम बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि 2015 में इलाहाबाद के सुंदरम टावर निवासी सत्यबली सिंह सहित आधा दर्जन कारोबारियों ने कोतवाली, खुल्दाबाद तथा अन्य थानों में आगरा की प्रॉक्स टाइम पावर आटो मोटिव प्राइवेट लिमिटेड के संचालकों और एजेंटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें कहा था कि इस कंपनी के एजेंटों ने इलाहाबाद, कानपुर, बनारस सहित यूपी के कई शहरों में डीलरशिप के लिए जमानत राशि के रूप में हरेक से तीन से चार लाख रुपये लिए थे। करीब एक साल बीतने के बावजूद न तो डीलरशिप दी गई और न ही रकम वापस की गई है। जांच में पता चला कि इस नाम की कंपनी सिर्फ कागजों में है। मोबिल ऑयल का उत्पादन नहीं कर रही है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद यह प्रकरण जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया था। दो साल तक यह जांच ठंडे बस्ते में रही। दो महीने पहले पुरानी फाइलों के साथ-साथ इस मुकदमे की फाइल भी निकाल ली गई और जांच कराई गई।
विवेचना में पाया गया कि यह कंपनी यूपी के अलावा बिहार, राजस्थान, हरियाणा और मध्यप्रदेश के लोगों से भी डीलरशिप के नाम पर कई करोड़ रुपये वसूल चुकी है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए आगरा टीम भेजी गई। जिनमें से अमित चाहर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों को तलाशा जा रहा है। एजेंटों में देवी चरण द्विेदी, मत्यसेन शुक्ला ्सहित कई के पतों पर दबिश दी गई है।