नशे और गर्लफ्रेंड के फेर में बने अपराधी
-छह दोस्तों ने बनाया लुटेरा गिरोह, चार गिरफ्तार, दो फरार
-मोबाइल, पर्स छिनैती के बाद वे करते थे नशा और मस्ती
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। नशे के चक्कर स्कूली छात्रों से लेकर पढ़े-लिखे युवक बहक रहे हैं। जार्जटाउन थाने की पुलिस के हत्थे चढ़े युवक भी नशे और गर्लफ्रेंड के फेर में बिगड़ गए। रोज नशा और गर्लफ्रेंड की डिमांड पूरी करने के लिए पैसों की खातिर छह दोस्तों ने लुटेरा गिरोह बना लिया। वे रोज शाम लूट-छिनैती के बाद अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस ने इस गिरोह के चार युवकों को गिरफ्तार कर डेढ़ दर्जन मोबाइल फोन बरामद कर लिए जबकि उनके दो साथी फरार हो गए हैं।
जार्जटाउन थानाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने उपनिरीक्षक धमेंद्र यादव और पुलिस टीम के साथ घेरकर चार युवकों को बालसन चौराहे के पास छिनैती कर भागते वक्त दबोच लिया। उनके कब्जे से बाइक समेत 17 मोबाइल फोन और 29 सौ रुपये बरामद किए। पकड़े गए लोगों में नैनी के तिगनौता का अर्पित केसरवानी, विद्या नगर कॉलोनी नैनी का हर्षित तिवारी, गंगोत्री नगर का अंकित निषाद, इंदलपुर का विशाल कुमार भारतीय है। उनके दो साथी विद्यानगर नैनी का अजय त्रिपाठी और इंदलपुर डांडी का राहुल पासी फरार हो गए। पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में कुबूला कि वे पिछले साल भर से ज्यादा समय से छिनैती कर रहे थे। नशे की लत के अलावा सभी की गर्लफ्रेंड हैं, जिनके साथ वे फिल्म देखने और होटलों में खाने जाते थे। रोज का खर्च हजारों में लेकिन कमाई कुछ नहीं। इसी वजह से वे एक अपराधी की सोहबत में आकर बिगड़ गए। उसने उन्हें छिनैती के अपराध में लिप्त कर दिया। फिर वे खुद रोज बाइक पर निकलते और नैनी से लेकर शहर के सिविल लाइंस, जार्जटाउन, कीडगंज इलाके में मोबाइल और पर्स छिनैती करने लगे। उनके निशाने पर खासतौर पर महिलाएं होतीं, जिनसे पर्स, मोबाइल छीनकर वे भाग जाते थे। इनमें दो युवक चोरी के मामले में जेल भी जा चुके हैं। जेल में उन्हें कुछ अपराधी मिले जिनसे बातचीत के बाद अपराध की राह पर चल पड़े।