आसाराम के भक्तों ने अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष को दी धमकी
0 कहा-फर्जी संतों की लिस्ट में नाम डाला तो जान से मार दिया जाएगा
0 दारागंज थाने में रिपोर्ट दर्ज, तीन नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और बड़े हनुमान मंदिर के महंत नरेंद्र गिरि को आसाराम के भक्तों ने जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने नरेंद्र गिरि को शुक्रवार को फोन कर धमकाया कि अगर आसाराम का नाम फर्जी संतों की सूची में डाला गया तो उन्हें मार डाला जाएगा। एसएसपी को सूचना देकर महंत ने दारागंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि ने सभी 13 अखाड़ों से सलाह के बाद निर्णय लिया था कि आगामी अर्द्धकुंभ में फर्जी संतों और शंकराचार्यों को घुसने नहीं दिया जाएगा। इस संबंध में 10 सितंबर को अल्लापुर स्थित मठ बाघंबरी गद्दी में सभी अखाड़ों के प्रतिनिधियों की बैठक होनी है। इसी दिन फर्जी संतों की सूची भी जारी की जाएगी। महंत नरेंद्र गिरि ने बताया कि इसी के बाद आसाराम के भक्तों का फोन आना शुरू हो गया कि आसाराम का नाम फर्जी संतों की सूची में न डाला जाय। जवाब में उन्होंने कहा कि इसका निर्णय अखाड़ों के प्रतिनिधि करेंगे। इसके बाद आसाराम के भक्तों की टोन धमकी वाली हो गई। शुक्रवार सुबह आठ से नौ बजे के बीच उनके मोबाइल पर तीन नंबरों से कॉल आई। तीनों नंबरों से साफ-साफ धमकी दी गई कि आसाराम का नाम फर्जी संतों की सूची में शामिल किया तो उन्हें मार डाला जाएगा। इसके बाद नरेंद्र गिरि ने एसएसपी आनंद कुलकर्णी को फोन कर तीनों नंबरों की जानकारी दी। शनिवार को उन्होंने दारागंज थाना में तीन अज्ञात नंबरों के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर दारागंज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच दरोगा आलोक पांडेय को दी गई है। तीनों नंबरों को सर्विलांस पर लगाकर डीटेल्स निकाली जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।