चालक को पीटने से रोकने पर हुआ बवाल
ग्रामीणों के पथराव के चलते उल्टे पांव भागे रानीगंज एसओ और पुलिसकर्मी
अधिकारियों को बुलाने की जिद पर अड़े रहे गांव के लोग
अमर उजाला ब्यूरो
रानीगंज/जामताली। जिला पंचायत सदस्य लल्लन सिंह परिहार के भतीजे की ट्रैक्टर से कुचलने से हुई मौत से ग्रामीण उग्र हो गए थे। वे ट्रैक्टर चालक को पीट रहे थे। तभी मौके पर पहुंची पुलिस सख्त हुई और पिट रहे चालक को बचाने लगी। इस पर लोग और भड़क गए और बवाल कर दिया। पुलिस पार्टी पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। जिसके चलते एसओ रानीगंज समेत पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा। खबर भेजे जाने तक ग्रामीण अधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद करते रहे।
रानीगंज थाना क्षेत्र के कसेरुआ निवासी जिला पंचायत सदस्य लल्लन सिंह परिहार के भतीजे कप्तान सिंह की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत की खबर मिलने पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। ट्रैक्टर चालक गांव का ही था। फिर भी लोग उस पर टूट पड़े। मौके पर रानीगंज एसओ पुलिस बल के साथ पहुंचे। चालक को पिटते देख पुलिस सख्त हो गई और उसे बचाकर अपनी गाड़ी की ओर ले जाने लगी। पुलिस के इस रवैये से ग्रामीण खफा हो गए और वे सिपाही अरुण कुमार सिंह से मारपीट करने लगे। पुलिसकर्मी आगे बढ़े तो पथराव होने लगा। जिससे एसओ पुलिस टीम के साथ जान बचाकर भागने के लिए मजबूर हो उठे। फतनपुर, मानधाता समेत रानीगंज से भारी संख्या में फोर्स आने के बाद पुलिस फिर घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीण आला अधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद कर रहे थे। खबर भेजे जाने तक पुलिसकर्मी ग्रामीणों को समझाते बुझाते रहे लेकिन वे किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे।
इनसेट----
समझाने पर भी नहीं मान रहे थे ग्रामीण
रानीगंज के कसेरुआ निवासी जिला पंचायत सदस्य लल्लन सिंह परिहार के भतीजे कप्तान सिंह की ट्रैक्टर से कुचलने के बाद हुई मौत से ग्रामीण उग्र हो गए। आक्रोशित ग्रामीण ट्रैक्टर को नुकसान पहुंचाने के बाद चालक लल्लू को पीटकर अधमरा कर दिए। पुलिस लोगों को समझाती रही। यदि कोई एक समझने लगता तो दूसरा उसके ऊपर ही भड़क जाता।
इनसेट-----
परिजनों के रोने बिलखने से टूट रहा था सन्नाटा
कसेरुआ में कप्तान की मौत के बाद पहुंचे परिजन रोते रहे। शव से लिपट-लिपट कर वे बिलखते रहे। घटनास्थल पर रात के अंधेरे में सन्नाटा पसरा हुआ था, लेकिन मृतक के परिजनों के रोने बिलखने की आवाजें सन्नाटे को तोड़ती रहीं।