स्कूल सीज करने के लिए जिला प्रशासन को भेजा पत्र
बम विस्फोट मामले में खुल्दाबाद पुलिस की कार्रवाई
मान्यता रद करने को बीएसए को भी दिया पत्र
प्रयागराज। खुल्दाबाद के भुसौली टोला स्थित छोटेलाल हेला जूनियर हाईस्कूल में बम फटने के मामले में पुलिस अब स्कूल पर भी कार्रवाई कराने की तैयारी में है। इसके तहत शनिवार को जिला प्रशासन व बीएसए को पत्र भेजा गया। इसमें स्कूल सीज व मान्यता रद करने की मांग की गई है।
छोटेलाल हेला जूनियर हाईस्कूल में 16 जून की शाम करीब सात बजे अचानक जोरदार धमाका हुआ था। जिसमें चकिया निवासी आमिर (22) पुत्र नफीस जख्मी हो गया था। पुलिस ने आमिर, ईशू निवासी खुल्दाबाद, सलमान, रियाज निवासी औद्योगिक छात्र व शिवम पांडेय के साथ कुछ अज्ञात पर मुकदमा लिखा था। इनमें से ईशू, जो स्कूल संचालक रतन लाल का बेटा है, ने एक दिन पहले कोर्ट में सरेंडर किया था। पुलिस ने उसके पिता रतन लाल को भी जेल भेजा था। पुलिस का कहना है कि स्थानीय लोगों ने बताया है कि स्कूल में काफी समय से अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं। ऐसे में स्कूल सीज कराने व मान्यता रद करने के लिए जिला प्रशासन व बीएसए को पत्र भेजा गया है। खुल्दाबाद इंस्पेक्टर का कहना है कि पत्र भेजकर मामले में कड़ी कार्रवाई का आग्रह किया गया है।