सेना के जवान के घर दिनदहाड़े लाखों की चोरी
चौकी गए तो पुलिस ने कहा, एफआईआर करा लो या फिर सामान की बरामदगी
पांच दिन बाद दर्ज की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। धूमनगंज के सुलेम सराय इलाके में तीन जून को दिन दहाड़े चोरों ने सेना के जवान का घर साफ कर दिया। सेना का जवान श्रीनगर में तैनात है। पत्नी घर में ताला लगाकर मायके गई थीं। पुलिस को चोरी की सूचना दी गई लेकिन एफआईआर के लिए पांच दिन दौड़ाया गया।
सुलेम सराय के रहने वाले राजीव रंजन द्विवेदी सेना में कार्यरत हैं। कश्मीर के श्रीनगर में उनकी तैनाती है। सुलेम सराय में उनकी पत्नी मनीषा रहती हैं। तीन जून को मनीषा फाफामऊ स्थित अपने मायके गई थीं। पड़ोसी किरायेदार से उन्होंने घर देखने को कहा था। उसी दिन शाम को चार से छह बजे के बीच चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ दिया और गहने, दस हजार नकद, टीवी, मंहगी साड़ियों समेत अन्य सभी चीजें उठा ले गए। शाम को पड़ोसी किरायेदार जब वापस आए तो देखा ताला टूटा हुआ है। उन्होंने मनीषा को सूचना दी। वह घर पहुंची तो पूरा सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने तुरंत नीवां चौकी को सूचना दी लेकिन मौजूद सिपाहियों ने कहा कि वह एफआईआर दर्ज करा लें या फिर अपना सामान बरामद करा लें। मनीषा ने पति राजीव को फोन कर जानकारी दी। सूचना पाकर वह श्रीनगर से प्रयागराज आ गए लेकिन तब तक न रिपोर्ट दर्ज हुई थी न ही सामान ही बरामद हो पाया था। उनके आने के बाद बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
बदमाशों ने घर के सामने छीने 30 हजार
प्रयागराज। धूमनगंज के चक मुंडेरा बेगम बाजार स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाले बच्चन सिंह का 30 हजार रुपये बाइक सवार बदमाशों ने छीन लिया। बच्चन छह जून की दोपहर में एक बैग में 29700 रुपये, बैंक पासबुक और चेक बुक रखकर कहीं जा रहे थे। अपार्टमेंट के सामने ही बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका बैग छीना और भाग निकले। एफआईआर दर्ज कराई गई है।