खाकी की किरकिरी कराने वाले स्वॉट टीम प्रभारी पैदल
कुंडा में जुआरियों को पकड़कर छोड़ने का लगा था आरोप
अपराधियों के आगे बेबस नजर आए थे स्वॉट टीम प्रभारी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। स्वॉट टीम प्रभारी को पुलिस अधीक्षक ने पैदल कर दिया। कुंडा में जुआरियों को पकड़ने के बाद छोड़ने से लेकर चर्चा में आई स्वॉट टीम के प्रभारी अपराधियों के आगे बेबस नजर आए। फिलहाल अब वह रिट सेल की जिम्मेदारी देखेंगे।
स्वॉट टीम प्रभारी प्रवीण कुशवाहा शातिर बदमाशों की धरपकड़ के लिए भले ही प्रतापगढ़ से लेकर मुंबई तक भागदौड़ करते रहे लेकिन अपराधी उनके हाथ नहीं लगे। यहां तक एक लाख के ईनामी बदमाशों को पकड़ने के लिए मुंबई पहुंची स्वॉट टीम जुहू चौपाटी, हाजीअली दरगाह समेत अन्य स्थानों पर मौज मस्ती करती रही। जिसके चलते पुलिस विभाग की किरकिरी हुई थी। लोकसभा चुनाव के दौरान ही कुंडा से जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ने के बाद छोड़ने का मामला भी सामने आया। जिसमें लाखों रुपये लेनदेन की बातें सामने आई थीं। कोहड़ौर के सरायरजई में सोने के आभूषण के लिए रसोई व पूजा स्थल वाली जमीन भी खुदवाने का मामला सामने आया था। एसपी एस आनंद को मामले की छानबीन के लिए जांच तक बैठानी पड़ी।