दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन की मौत, तीन घायल
छिवकी-करमा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, घायलों में दो की हालत नाजुक
अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार बनी काल, दोनों बाइकों के परखच्चे उड़े
अमर उजाला ब्यूरो
नैनी (प्रयागराज)। क्षेत्र के छिवकी से करमा रोड पर दुबराजपुर रेलवे क्रासिंग से तीन सौ मीटर आगे स्थित अंधे मोड़ पर रविवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें बगल से गुजर रहा मोपेड सवार अधेड़ भी चपेट में आ गया। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। साथ ही तीन लोग घायल भी हुए हैं।
नैनी कोतवाली के मड़ौका गांव का रहने वाला सोनू निषाद उर्फ नंदी (24) पुत्र अशोक निषाद, मनोज निषाद (25) पुत्र हरिलाल मिस्त्री व शालू (22) पुत्र किशन निषाद अपाचे मोटरसाइकिल से रविवार को करमा गए थे। तीनों पेंटिंग का काम करते हैं। शाम को छह बजे के करीब वह लौट रहे थे। बाइक मोनू चला रहा था। अभी वह छिवकी-करमा मार्ग पर दुबराजपुर रेलवे क्रासिंग से तीन सौ मीटर पहले पड़ने वाले मोड़ पर पहुंचे थे कि तभी छिवकी से करमा की तरफ जा रही बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। इस पर बृजेश कुमार (35) पुत्र राजबहादुर निवासी हर्रई, व कृष्णा कुमार (32) पुत्र दूधनाथ निवासी पोतनहिया, बसही, करछना सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। इसके साथ ही करमा जा रहे मोपेड सवार पंचराज साहू (55) निवासी बलापुर, घूरपुर भी चपेट में आ गए। हादसे में सोनू उर्फ नंदी और मनोज निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। पंचराज, शालू, बृजेश और कृष्णा निषाद को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां कृष्णा ने भी दम तोड़ दिया।