महिला सिपाही से छेड़खानी, मोबाइल छीनने का प्रयास
शिवकुटी में गोविंदपुर चौराहे के पास हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। शिवकुटी में गोविंदपुर चौराहे के पास शुक्रवार रात महिला सिपाही से छेड़छाड़ की गई। सूचना पर डायल 100 कर्मचारी पहुंचे तो बदमाश भाग निकले। इससे पहले उन्होंने सिपाही का मोबाइल छीनने का भी प्रयास किया। हालांकि इंस्पेक्टर ऐसी किसी घटना की जानकारी से इंकार करते रहे।
महिला सिपाही पुलिस लाइन में तैनात है। शुक्रवार रात 11 बजे के करीब वह ड्यूटी से लौट रही थी। उसे यूपी 100 की एक गाड़ी छोड़ने जा रही थी। गोविंदपुर चौराहे के पास महिला सिपाही गाड़ी से उतरकर जाने लगी। तभी वहां खड़े कुछ युवकों ने उस पर फब्तियां कसीं। विरोध पर उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। उसे छोड़ने आए ड्राइवर ने विरोध किया तो उसे धमकाया। सूचना मिली तो डायल 100 की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक छेड़खानी करने वाले भाग निकले। इसके बाद महिला सिपाही को उसके घर तक पहुंचाया गया। मामले में जब शिवकुटी पुलिस का कहना है कि उसे ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।
अब तक नहीं हुई कार्रवाई
प्रयागराज। शिवकुटी में आए दिन छेड़खानी की वारदातें हो रही हैं। हफ्ते भर पहले एमएनएनआईटी आरओबी पर दो प्रतियोगी छात्राओं को गाड़ी में खींचने की कोशिश हुई थी। इस मामले में पुलिस अब तक कोई कार्रवाई नहीं कर सकी है। जबकि पुलिस को आरोपियों की गाड़ी भी बरामद हुई थी। सूत्रों की मानें तो गाड़ी गैरजनपद में तैनात एक दरोगा की थी। लेकिन अब तक पुलिस उनसे पूछताछ भी नहीं कर सकी है।