दरभंगा में लापता शख्स के घर पर हुआ हंगामा
-शक था कि उसे साजिशन किया गया गायब, पत्नी से झड़प
-पता चला कि बरेली के नशा मुक्ति केंद्र में किया है भर्ती
इलाहाबाद (ब्यूरो)। दरभंगा कॉलोनी में रहने वाले 55 वर्षीय जगजीत सिंह टिब उर्फ नीटू के कुछ दिनों से लापता होने से संशकित मुहल्ले के महिलाओं-पुरुषों ने घर में घुसकर उसकी नवविवाहित पत्नी से पूछा तो वह झगड़ा करने लगी। बाद में पता चला कि उसे बरेली के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया है। लोगों ने शक जताया कि करोड़ों रुपये की संपत्ति के चक्कर में उसे साजिशन नशा देकर मुक्ति केंद्र भेजा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी नीटू से फोन पर बात की।
दरभंगा में दुर्गा पूजा पार्क के पास मां के साथ रहने वाले जगजीत सिंह टिब उर्फ नीटू ने तीन महीने पहले अशोक नगर की सपना सिंह से ब्याह किया था। वह उम्र में नीटू से करीब बीस साल छोटी है। राजापुर में रहने वाले ममेरे भाई अमरदीप के मुताबिक, नीटू मानसिक रूप से कमजोर है। उसने बताया था कि सपना से लव मैरिज की है। शादी के महीने भर बाद ही उसकी मां का निधन हो गया। करीब 20 दिन से नीटू भी घर या बाहर नहीं दिख रहा था। लोगों को शादी पर पहले से ही संदेह था। ज्ञपर से मां की मौत के बाद नीटू के लापता होने पर लोग सशंकित हो गए। पत्नी से पूछा जाता तो वह ना-नुकुर के बाद कहती कि अस्पताल में है।
सोमवार रात आसपास के सौ से ज्यादा महिलाओं-पुरुषों ने नीटू के घर जाकर उसकी पत्नी सपना से पूछताछ शुरू की तो झड़प होने लगी। लोगों से सूचना पाकर जार्जटाउन थाने की पुलिस भी आ गई। पुलिस के पूछने पर सपना ने कहा कि नशे से छुटकारा पाने के लिए नीटू को बरेली के नशा मुक्ति केंद्र संकल्प में भर्ती कराया गया है। उसने डॉ.प्रेम का नंबर दिया तो पुलिस के साथ ही ममेरे भाई अमरदीप ने नीटू ने बात की। रिश्तेदारों का कहना है कि नीटू नशा नहीं करता। उसे जबरन नशा दिया गया।