कानपुर से दबोचा गया डबल मर्डर का मुख्य आरोपी
एसटीएफ व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिली कामयाबी
लालगंज(ब्यूरो)। एसटीएफ व पुलिस ने डबल मर्डर के आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे जेेल भेज दिया गया। लालगंज कोतवाली के जगन्नाथपुर गांव में 28 मई 2015 को रंजिश के चलते पिता पुत्र की हत्या कर दी गई थी। पिता प्यारेलाल सरोज व पुत्र विक्रम सरोज की हत्या का मुख्य आरोपी रामभुवन सिंह घटना के बाद से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी से नाकाम कोतवाली पुलिस ने उसके घर कुर्की की कार्रवाई भी की। इसके बाद भी डबल मर्डर का आरोपी गिरफ्त में नहीं आ सका। आरोपी की तलाश में पुलिस के साथ एसटीएफ भी लग गई। इस बीच मुखबिर ने आरोपी की लोकेशन कानपुर शहर में होने की दी। जिसके बाद एसटीएफ व लालगंज पुलिस ने कानपुर में उसकी तलाश शुरू कर दी। दोनों की संयुक्त कार्रवाई में डबल मर्डर के आरोपी रामभुवन सिंह को कानपुर की जिला कचेहरी के पास से तीन साल बाद शुक्रवार की रात धर दबोचा गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को लालगंज कोतवाली लाया गया। यहां पूछताछ के बाद पिता-पुत्र की हत्या के आरोपी को जेल भेज दिया गया। कोतवाल ने बताया कि डबल मर्डर के आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार किया गया। उसके पूछताछ के बाद जेल भेजा गया है।
साफ-सफाई कर दिया पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
ग्रामीणों से सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का आह्वान
लालगंज(ब्यूरो)। नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के एनएसएस शिविरार्थियों ने शनिवातर को सलेम भदारी व पूरे वंशी गांव में साफ सफाई कर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। प्राचार्य डॉ. अमित सिंह की देखरेख में संचालित शिविर के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने ग्रामीणों को स्वच्छता से होने वाले भी फायदों के बारे बताया। पर्यावरण संरक्षण के साथ ही शिविरार्थियों ग्रामीणों को समाज में व्याप्त कुरीतियों से दूर रहने की भी अपील की। शिविर के द्वितीय सत्र में इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय के शिक्षक डॉ. पवन कुमार पचौरी व गणपत सहाय महाविद्यालय सुलतानपुर के डॉ. जीतेंद्र कुमार ने शिविर के माध्यम से संतुलित आहार के बारे में ग्रामीणों व छात्रों को बताया। शिविर का संयोजन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र बहादुर सिंह व डॉ. रजनीश पांडेय ने किया। संचालन डॉ. अंबिकेश त्रिपाठी व आभार प्रदर्शन प्राचार्य डॉ. अमित कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर डॉ. संदीप मिश्र, डॉ. आशुतोष, भूपेंद्र मणि पांडेय, संतोष प्रजापति, संजीव सिंह, सालिक राम पाल, दुर्गेश पांडेय, केशवपाल, दिलीप कुमार वैश्य, ज्योति सिंह, कोमल जायसवाल, सुप्रिया जायसवाल, रत्ना केसरवानी आदि मौजूद रहे।