मीरगंज। शनिवार दोपहर पुलिस ने मीरगंज-सिंधौली रोड पर घेराबंदी कर एक तस्कर को प्लास्टिक के कट्टे में भरे तीस किलो गोमांस के साथ पकड़ लिया। तस्कर का साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया है।
पुलिस के मुताबिक एसआई उमेश शर्मा और बलबान सिंह ने सिपाहियों की मदद से मीरगंज-सिंधौली रोड पर घेराबंदी कर झोपड़ी में छिपने की कोशिश कर रहे एक तस्कर को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग गया। कट्टे में बरामद मांस का थाने लाकर पशु चिकित्साधिकारी से परीक्षण कराया गया तो वह गोमांस निकला। आरोपी ने अपना नाम मीरगंज निवासी राजू कुरैशी और फरार साथी का नाम भूरा कुरैशी बताया। दोनों के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। ब्यूरो
आग में एक एकड़ गन्ना जला
मीरगंज। रामगंगा खादर के गांव समसपुर में राममूर्ति लाल के एक एकड़ गन्ने के खेत में शनिवार दोपहर अचानक आग लग गई। तेज हवा से आग की लपटें पूरे खेत में फैल गईं। सूचना पर राममूर्ति ने ग्रामीणों के साथ बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। कई घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया। बाद में मीरगंज फायर स्टेशन की दमकल भी पहुंच गई, लेकिन तब तक ग्रामीण आग बुझा चुके थे। अग्निकांड में छह बीघा गन्ना जलकर नष्ट हो गया है। जिसकी कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित किसान ने अज्ञात के विरुद्ध आगजनी की तहरीर दी है। ब्यूरो