पान विक्रेता पर हमला, व्यापारी भाई को उठा ले गए दबंग
मौके पर पहुंचे सीओ लालगंज, आक्रोशित बाजारवासियों ने घेरी कोतवाली
दिवाली के दिन फोटो खींचने को लेकर हुआ था विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
अजगरा। दिवाली के दिन लड़कियों की फोटो खींचने से रोकने पर हुए विवाद को लेकर रविवार की रात बाइक सवार पांच लोगों ने पान विक्रेता पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने दौड़े व्यापारी को बाइक सवार उठा ले गए। बवाल की खबर पर पहुंचे सीओ लालगंज ने जानकारी लेने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू करा दी। घटना से आक्रोशित लोगों ने लालगंज कोतवाली का घेराव किया।
लालगंज कोतवाली के अजगरा बाजार में केसरी जायसवाल की पान की दुकान है। दिवाली के दिन कुछ दबंग किस्म के युवक उसके घर की लड़कियों की तस्वीर मोबाइल से खींच रहे थे। केसरी ने फोटो खींचने से मना कर दिया था। जिसे लेकर विवाद हुआ था। रविवार की रात केसरी अपनी दुकान पर बैठा था। तभी दो बाइक से पांच लोग पहुंचे। उन लोगों ने पहले केसरी को पिस्टल की बट से मारापीटा। बाद में बीच-बचाव करने दौड़े भाई इलेक्ट्रानिक का काम करने वाले अटलू को मारने पीटने के बाद बाइक से लेकर चले गए। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे सीओ लालगंज मामले की छानबीन करने लगे। तभी अटलू वापस लौट आया। भरे बाजार व्यापारी भाइयों के साथ मारपीट से आक्रोशित लोगों ने कोतवाली लालगंज का घेराव किया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। सीओ लालगंज ओपी दुबे ने बताया कि पुरानी रंजिश में मारपीट हुई है। अगवा करने की बात सरासर गलत है। वह खुद भाग गया था।
विवाद के दौरान फायरिंग
सगरासुंदरपुर। शराब की दुकान पर मामूली विवाद को लेकर फायरिंग हुई। जिससे इलाके में हडक़ंप मच गया। लालगंज कोतवाली के बाबूगंज में अंग्रेजी शराब की दुकान है। रविवार की रात ग्राहक व सेल्समैन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात बढने पर बाइक सवार लोग फायरिंग करते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस फायरिंग से इंकार कर रही है।