दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर युवक की बाइक लूट ली। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस पूछताछ करने के बाद बदमाशों की तलाश में जुट गई। पहले भी उस रोड पर लूट की वारदात हो चुकी है।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के भदेवरा निवासी मनोज कुमार पाल पुत्र उदयराज शनिवार दोपहर पंचर बाइक बनवाने के लिए उड़ैयाडीह बाजार आया था। पंचर बनवाने के बाद वह बाइक लेकर घर जाने लगा। रास्ते में बीरापुर की ओर से आ रहे तीन नकाबपोश बदमाशों ने मनोज को रोक लिया। बाइक रुकते ही बदमाशों ने मनोज को तमंचा सटा दिया। अभी वह कुछ समझ पाता। एक बदमाश बाइक पर बैठ गया। बदमाश बीरापुर की ओर भाग निकले। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़े और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पट्टी पुलिस ने पीड़ित युवक से पूछताछ के बाद बदमाशों की तलाश में जुट गई। उड़ैयाडीह से गजरिया मार्ग पर आए दिन वारदात होती रहती है। कुछ दिन पूर्व मिश्रौली के रहने वाले रामचंद्र मिश्रा को मारपीट कर बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया था। लूट, छिनैती की घटनाओं से लोगों में दहशत व्याप्त है।