जुर्माना देकर छुटे 35 वेंडर, कार्रवाई पर उठे सवाल
प्रयागराज। इलाहाबाद जंक्शन पर आरपीएफ (अपराध शाखा) द्वारा 40 वेंडरों को पकड़े जाने की कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई है। इस बीच पकड़े गए 40 में से 35 वेंडर जुर्माना देकर छूट गए, शेष पांच वेंडरों को जमानत पर छुड़ाने की बात कही जा रही है। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
दरअसल एनसीआर मुख्यालय में आरपीएफ सीआईबी द्वारा शनिवार की रात कार्रवाई कर 40 वेंडरों को अवैध कहते हुए पकड़ा। जिन वेंडरों को पकड़ा गया उसमें जंक्शन स्थित फूड प्लाजा नीलम और आरके फूड के भी कर्मचारी हैं। दोनों ही फूड प्लाजा की ओर से आरपीएफ की कार्रवाई पर आपत्ति दर्ज कराई गई। आरोप लगाया कि उनके यहां काम करने वाले लड़कों को भी जबरन आरपीएफ पकड़ कर ले गई। यह भी दावा किया गया कि उस वक्त की सीसीटीवी फुटेज से इसकी तसदीक की जा सकती है। उधर डीआरएम इलाहाबाद की ओर से इस मामले की जांच करने की बात कही गई है। इस बारे में एनसीआर के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त एसएन पांडेय का कहना है कि पकड़े गए 35 वेंडरों ने जुर्म कबूलने के साथ ही जुर्माना भरा है, जबकि पांच अन्य जमानत लेने की बात कर रहे हैं।