जार्जटाउन में दिनदहाड़े छीना महिला का बैग
बालसन चौराहे के पास बाइकसवार बदमाशों ने की वारदात
पुलिस देर रात तक नहीं हासिल कर सकी थी सुराग
अमर उजाला ब्यृूरो
प्रयागराज। जार्जटाउन में बेखौफ बाइकसवार बदमाशों ने आतंक मचा रखा है। रेस्टोरेंट में बमबाजी की घटना को अभी दो दिन भी नहीं बीते थे कि बालसन चौराहे से 100 कदम की दूरी पर दिनदहाड़े महिला का बैग छीन लिया। पुलिस जांच में जुटी रही लेकिन रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
साहबे आलम पुराना कटरा मोहल्ले के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को उनकी पत्नी रूबीना बानो किसी रिश्तेदार के घर कीडगंज गई थी। शाम करीब पांच बजे वह दो परिचित महिलाओं के साथ ई रिक्शे से घर लौट रही थीं। अभी ई रिक्शा बालसन चौराहे से 100 मीटर दूर स्थित अस्पताल के सामने पहुंचा था कि तभी पीछे से बाइक पर सवार होकर दो बदमाश वहां आ धमके। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले ही पीछे बैठे बदमाश ने ई रिक्शे पर बैठी रूबीन के हाथ से बैग छीन लिया और भाग निकले। रूबीना ने शोर मचाया लेकिन बदमाश सेंट एंथोनी स्कूल की ओर जाने वाले रास्ते की ओर भाग निकले। रूबीन बिलखने लगीं तो आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। हालांकि बहुत देर तक जांच पड़ताल के बावजूद बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। रूबीना ने बताया कि बैग में मोबाइल के साथ ही कुछ जरूरी कागजात व दो हजार रुपये थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बदमाशों ने चेहरे पर नकाब बांध रखा था। बता दें कि दो दिन पहले रेस्टोरेंट में बमबाजी करने वाली घटना भी नकाबपोश बदमाशों ने अंजाम दी थी। मामले में थाना जार्जटाउन प्रभारी आशुतोष तिवारी ने बताया कि अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।