सोनू हत्याकांड के एक आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर
घटना के बाद से फरार चल रहा था नामजद लकी यादव
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। धूमनगंज के सोनू यादव हत्याकांड के एक आरोपी लकी यादव ने मंगलवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था।
धूमनगंज के मुंडेरा गांव निवासी सोनू यादव(32) की 12 जून की शाम बम-गोलियों से हमलाकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर गोलियां मारी थीं। मामले में सोनू के परिजनों ने 10 लोगों को नामजद कराया था। इनमें मुंडेरा के रहने वाले मोनू, सोनू, गोलू, राजा, बंटी, लकी, मनीष, कुलदीप, गौतम व एक अन्य शामिल हैं। पिछले दिनों मामले के मुख्य आरोपी मोनू पासी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने खुलासे का दावा किया था। बताया था कि आरोपियों को शक था कि सोनू 50 हजार के इनामी बदमाश गदऊ के लिए मुखबिरी करता है। साथ ही उसके लिए वसूली का भी काम करता है। इसी रंजिश में सोनू की हत्या की गई। लकी यादव और कुलदीप फरार चल रहे थे। जिनमें लकी ने मंगलवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
लकी ने दर्ज कराया था गदऊ पर मुकदमा
मंगलवार को आत्मसमर्पण करने वाले लकी ने सोनू की हत्या से तीन दिन पहले ही गदऊ पासी पर रिपोर्ट लिखाई थी। उसका आरोप था कि वह मुंडेरा बाजार में खड़ा था तभी गदऊ पासी अपने एक साथी के साथ आया। फिर तमंचे की बट से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया था।