धूमनगंज इलाके में ठगों के एक गिरोह ने इफको में नौकरी लगाने के नाम पर एक व्यक्ति से 14 लाख रुपये ऐंठ लिए। पैसे वापस मांगने पर उसे धमकाया कि जान से मार दिया जाएगा। शिकायत पर धूमनगंज थाने में रिपोर्ट लिखकर पुलिस ने जांच शुरू की है।
ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाले सुजीत साहू ने रविवर को धूमनगंज थाने जाकर पुलिस को नीमसराय कॉलोनी में रहने वाले टिंकू तिवारी और सुरेशचंद्र शुक्ला के खिलाफ लिखित शिकायत की। सुजीत ने पुलिस को बताया कि इन दोनों ने उन्हें इफको फूलपुर में मैनेजर की नौकरी लगाने का झांसा दिया था। कहा था कि मैनेजर को एक लाख रुपये मासिक वेतन मिलता है। उन दोनों ने नौकरी लगाने में आने वाले खर्च के नाम पर पिछले साल भर में उनसे करीब 14 लाख रुपये ऐंठ लिए। उन्होंने ठगी का अहसास होने पर पैसे वापस मांगना शुरू किया तो वे गालियां और धमकी देने लगे कि जान से मार दिया जाएगा। आखिरकार निराश होकर उन्हें थाने आना पड़ा। थानिा प्रभारी एमएस देव ने बताया कि रिपोर्ट लिखकर जांच शुरू की गई है।