यमुनापार के बारा इलाके में नीबीं गांव के पास सोमवार देर शाम 11 हजार वोल्टेज की लाइन खींचते समय करंट की चपेट में
आने से बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी शिवकुमार बिंद की मौत हो गई जबकि उसके तीन साथी झुलस गए। शव कब्जे में लेने पहुंची पुलिस को परिजनों का विरोध झेलना पड़ा। बाद में तहसीलदार और बिजली विभाग के जेई से आर्थिक मदद का भरोसा मिलने पर परिजनों ने शव पुलिस के हवाले कर दिया। बारा पावर सब स्टेशन से 11 हजार वोल्टेज की लाइन खींची जा रही थी। सोमवार देर शाम करीब सात बजे नीबीं गांव के पास खंभे पर चढ़कर बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी लाइन खींचने में जुटे थे, तभी वह तार नीचे से गुजरे 33 हजार वोल्टेज के तार से छू गया।
करेंट की चपेट में आकर चार कर्मचारी गिर गए। गांव वाले उन्हें उठाकर जसरा सीएचसी ले गए जहां एक मजदूर शिवकुमार बिंद (21) की मौत हो गई। वह बारा के असरवई गांव के जीतलाल बिंद के दो पुत्रों में बड़ा था। बाकी तीन झुलसों मजदूरों में अश्वराम बिंद (28), संदीप जायसवाल (26) और रामसागर बिंद (30) शामिल हैं। खबर पाकर शिवकुमार बिंद के परिजन आ गए। पुलिस-प्रशासनिक अफसर भी पहुंच गए। परिजनों ने गुस्सा जताते हुए शव देने से इनकार किया तो तहसीलदार मोहनलाल गुप्ता ने बारा पावर सब स्टेशन के जेई वीरेंद्र कुमार को बुलाया। जेई ने बिजली विभाग से उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया तब जाकर परिवार के लोग शांत हुए।