प्रयागराज। दारागंज के अलोपीबाग के पास चेन स्नैचरों का आतंक कम होने का का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को उन्होंने बाइक से जा रहे अपर जिला जज के पीए विमलचंद मिश्रा का हैंडबैग छीन लिया। सूचना मिली तो पीआरवी 85 ने एक बदमाश को खदेड़कर पकड़ लिया लेकिन उसका साथी बैग लेकर भाग निकला। पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
रामपुर हंडिया निवासी विमलचंद अपर जिला जज के निजी सचिव हैं। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने बताया कि रविवार को वह किसी काम से पीठासीन अधिकारी आवास पर गए थे। वहां से 4.30 बजे के करीब वह बाइक पर सवार होकर घर लौटने लगे। उन्होंने कंधे पर बैग लटकाया था जिसमें शॉर्टहैंड की डायरी, कुछ अहम कागजात व कार्यालय की चाबी थी। अभी वह अलोपीबाग मंदिर के पास पहुंचे थे कि तभी पीछे से स्कूटी पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उनका बैग छीनकर भागने लगे। भुक्तभोगी शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़े तो वहां हड़कंप मच गया। उधर सूचना पर पीआरवी 85 टीम भी पहुंच गई और बदमाशों को खदेड़ लिया। कुछ दूर जाकर पीआरवीकर्मियों ने एक बदमाश को पकड़ लिया लेकिन उसका साथी बैग लेकर भाग निकला। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम करन केसरवानी निवासी नैनी बताया। जिसके बाद उसे दारागंज थाने ले जाया गया। वहां भुक्तभोगी की ओर से तहरीर दी गई। दारागंज एसओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौके से भाग निकले आरोपी की तलाश की जा रही है।