थाना क्षेत्र के पतुलकी गांव के पास सोरांव-फूलपुर रोड पर सोमवार दोपहर पान की दुकान के सामने खड़े किसान को अनियंत्रित क्रेन ने टक्कर मार दी। इससे किसान सड़क पर गिर पड़ा और क्रेन उसको रौंदती हुई आगे निकल गई। मौके पर ही किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची बहरिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और चालक को पकड़कर क्रेन सहित थाने ले आई।
बहरिया थाना क्षेत्र के कनेहटी निवासी संजय कुमार तिवारी उर्फ झूरी (50) सोमवार की दोपहर में साइकिल से वीरभानपुर चौराहे की तरफ जा रहे थे। पतुलकी खटीकन बस्ती के पास वह साइकिल से उतरकर एक पान की दुकान के सामने सड़क किनारे खड़े हो गए। तभी फूलपुर की तरफ से सिकंदरा की ओर आ रही अनियंत्रित क्रेन ने संजय को टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिर पड़े और क्रेन रौंदती हुई आगे बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक मोबाइल से बात करते हुए क्रेन चला रहा था। इसी दौरान क्रेन अनियंत्रित हो गई।
मृतक संजय के दो पुत्र जतिन तिवारी, कृपा शंकर तिवारी व दो पुत्रियां हैं। जिनमें एक की शादी हो चुकी है। घटना के बाद से पत्नी कुमकुम तिवारी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।