फूलपुर क्षेत्र के कई स्कूल ऐसे हैं जिनके परिसर में ही ट्रांसफॉर्मर लगा है या उनके भवन जर्जर हैं। पढ़ाई-लिखाई में मुश्किल से ही होती है। ग्राम पंचायत फिरोजपुर उर्फ शेखपुर और रूदापुर के प्राथमिक विद्यालय ऐसी ही स्थित में हैं। दीवार की दरार बदहाली की कहानी बताती है।
रूदापुर के प्राथमिक विद्यालय परिसर में बिजली का ट्रांसफॉर्मर लगा है। साथ ही बिजली के तार स्कूल के ऊपर से गुजरे हैं। इससे बच्चों और शिक्षकों को हादसे का डर सताता रहता है। प्रधानाध्यापक कक्ष के दरवाजे पर लटकी बिजली की केबल खुली हुई है। यहां 56 बच्चे पंजीकृत हैं। एक इंचार्ज प्रधानाध्यापिका के अलावा दो सहायक अध्यापक व एक शिक्षामित्र तैनात हैं। फिरोजपुर के विद्यालय में 59 बच्चे पढ़ते हैं। दो सहायक अध्यापक, दो शिक्षामित्र तैनात हैं।
शिकायत के बाद भी शौचालय की नहीं होती सफाई
प्राथमिक विद्यालय रूदापुर में बने बालिका शौचालय की हालत बद से बदतर है। शौचालय के आसपास घास उग आई है। शिकायत के बाद भी शौचालय की सफाई नहीं होती है। इंचार्ज प्रधानाध्यापक जय लक्ष्मी गुप्ता ने बताया कि कई बार शिकायत की गई। लेकिन शौचालय साफ नहीं हुआ।
बोलीं इंचार्ज प्रधानाध्यपिका
रूदापुर प्राथमिक विद्यालय परिसर में लगे विद्युत ट्रांसफॉर्मर व लटकते तार को हटाने के लिए पिछले पांच वर्षों से लगातार खंड शिक्षा अधिकारी फूलपुर, बीएसए प्रयागराज के साथ ही बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता से शिकायत की गई। आज तक कुछ नहीं हुआ।
- जय लक्ष्मी गुप्ता, इंचार्ज प्रधानाध्यापिका प्राथमिक विद्यालय रूदापुर।
इनसेट
व्यवस्था को मुंह चिढ़ाती हैं दीवार और खिड़कियां
एसडीएम और खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से मात्र 500 मीटर की दूरी पर स्थित होने के बाद भी विद्यालय की हालत जर्जर है। यहां कक्ष की दीवार और खिड़की में दरारें आ गई हैं। रसोई घर में पानी टपकता है। सहायक अध्यापिका अंजना ने बताया कि इसकी शिकायत कई बार उच्च अधिकारियों से की गई है लेकिन कुछ नहीं हुआ। जल निकासी की व्यवस्था भी नहीं है, जिससे विद्यालय में पानी भर जाता है।
इनसेट
दूध मिलता है न पानी
फिरोजपुर प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों ने बताया कि पिछले पांच साल से मिड डे मील में पीने के लिए दूध नहीं मिला। विद्यालय में इंडिया मार्का हैंडपंप पिछले कई महीनों से खराब पड़ा है। कई बार शिकायत भी की गई लेकिन उसे बनवाया नहीं गया। बच्चों को पेयजल के लिए भटकना पड़ता है।
..................
वर्जन
प्राथमिक विद्यालय रूदापुर परिसर में लगा विद्युत खंभा, ट्रांसफॉर्मर और खुले तार को हटाने के लिए 10 दिन पहले एसडीओ विद्युत फूलपुर को पत्र लिखा गया है। बदहाल बालिका शौचालय, परिसर में गंदगी एवं प्राथमिक विद्यालय फिरोजपुर उर्फ शेखपुर की दीवार में आई दरार और जर्जर रसोई घर का निरीक्षण किया जाएगा।
- प्रदीप कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी फूलपुर।