- चार माह से कोविशील्ड की बंद थी सप्लाई, ठप था टीकाकरण
- बेली, डफरिन और दारागंज पीएससी पर लगवा सकेंगे टीका
प्रयागराज। कोरोना महामारी की चौथी लहर आने की आशंका के बीच जिले में कोविशील्ड वैक्सीन की बंद सप्लाई फिर शुरू हो गई। बृहस्पतिवार को जिले में कोविशील्ड की 40 हजार खुराक पहुंच गई। इसके साथ ही शुक्रवार से कोविशील्ड का टीकाकरण भी शुरू हो जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से तैयारी पूरी कर ली गई है।
जिले में लंबे समय बाद 30 दिसंबर 2022 को कोरोना का एक संक्रमित मरीज मिला। उसके बाद से बचाव के लिए टीके की दूसरी और बूस्टर डोज लगवाने के लिए टीकाकरण केंद्रों पर लोग पहुंचने लगे। लेकिन सितंबर माह से जिले में कोविशील्ड की आपूर्ति नहीं होने के कारण टीकाकारण रुक गया। सिर्फ बेली अस्पताल में कोवैक्सीन की बची डोज ही लगवाई जा रही थी।
जबकि, जिले में कोविशील्ड की पहली और दूसरी डोज लेने वालों की संख्या सबसे अधिक थी। ऐसे में कोरोना महामारी के अचानक नए मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी जांच का दायरा बढ़ाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या चार तक पहुंच गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की तरफ से भी कोविशील्ड की मांग शासन को भेजी गई। अधिकारियों ने भी 15 जनवरी के बाद आपूर्ति होने की उम्मीद जताई थी। टीकाकरण प्रभारी एसीएमओ डॉ. तीरथ लाल के मुताबिक जिले में 40 हजार कोविशील्ड डोज की आपूर्ति हो गई है।
शुक्रवार से तीन केंद्रों बेली अस्पताल, डफरिन अस्पताल और दारागंज पीएससी पर कोविशील्ड का टीकाकरण शुरू हो जाएगा। लोग अपनी जरूरत के अनुसार इन केंद्रों पर पहुंचकर टीकाकरण करा सकते हैं।