प्रयागराज। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में गवर्निंग काउंसिल के 15 पदों पर मतगणना में धांधली का आरोप सामने आने के बाद एल्डर कमेटी ने मतगणना रद्द कर दी है। मतगणना को लेकर कई प्रत्याशियों ने धांधली का आरोप लगाया था। मतों की गिनती सही तरीके से न करने के आरोपों को देखते हुए एल्डर कमेटी के चेयरमैन वीसी मिश्र, सदस्य एनसी राजवंशी और वीके सिंह ने प्रत्याशियों की आपत्तियों पर सुनवाई की। इसके बाद अभी तक हुई मतगणना रद्द करने का निर्णय लिया गया।
प्रत्याशियों ने मतगणना कार्य में लगे सिस्टम इंजीनियर अरुण कुमार पर वोटों की फीडिंग में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। इसे देखते हुए मामले की जांच वरिष्ठ अधिवक्ता वीके सिंह को सौंप दी गई है। उनको एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। मंगलवार तीन मार्च से गवर्निंग काउंसिल पदों की मतगणना लाइब्रेरी हॉल में सुबह दस बजे से होगी।
बार चुनाव में इससे पूर्व भी अध्यक्ष और महासचिव पद के प्रत्याशी धांधली का आरोप लगा चुके हैं। उनका कहना है कि जितने मत पड़े थे मतगणना में उससे अधिक मतों की गिनती की गई। हालांकि एल्डर कमेटी ने इन आपत्तियों को खारिज कर चुकी है।