500 से ज्यादा पुलिसकर्मी दो शिफ्ट में किए गए तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। फूलपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में कराई जाएगी। पुलिस के साथ ही यहां पीएसी व सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (सीएपीएफ) के जवान तैनात किए गए हैं। कुल 551 पुलिसकर्मी दो शिफ्टों में मतगणना समाप्त होने तक ड्यूटी देंगे।
पुलिस अफसरों ने बताया कि मतगणना को लेकर फुलप्रूफ सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। तीन सुरक्षा घेरे बनाए गए हैं। इनमें आईसोलेशन, मिडिल व आउटर काॅर्डन शामिल है। आइसोलेशन काॅर्डन में सीएपीएफ तैनात रहेगी जिस पर ईवीएम को स्ट्रांग रूम से सुरक्षित मतगणना टेबल तक पहुंचाने का जिम्मा होगा।
इसके बाद मिडिल काॅर्डन में पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। आउटर काॅर्डन में सुरक्षा का जिम्मा व मतगणनास्थल में बाहरी व अनाधिकृत लोगों के प्रवेश को रोकने की जिम्मेदारी पुलिस पर होगी। मतगणना के लिए कुल 551 पुलिसकर्मियाें को तैनात किया गया है। इसके अलावा दो प्लाटून पीएसी व एक कंपनी सीएपीएफ लगाई गई है।
पूरा मतगणना परिसर सीसीटीवी कैमरों से लैस है और बाहर की ओर आसपास लगे सर्विलांस कैमरों से भी वहां की गतिविधियों की लाइव निगरानी की जाएगी। कमांड सेंटर से यहां मतगणना शुरू होने से लेकर समाप्ति तक लगातार नजर रखी जाएगी।
मतगणना स्थल के बाहर 100 मीटर के दायरे में किसी को भी अनाधिकृत तरीके से भीड़ जमाव करने की अनुमति नहीं है। अफसरों का कहना है कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।