डिप्टी सीएम बनने के बाद पहली बार इलाहाबाद पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य रविवार को फायर हो गए। यहां उन्होंने उन भ्रष्ट अफसरों को चेतावनी दी जिनकी कार्यशैली और गतिविधियां संदेह के घेेरे में रही है। केशव ने कहा कि ऐसे अफसरों को अब बख्शा नहीं जाएगा। कहा कि जो भी अफसर भ्रष्ट है उनके खिलाफ अब सिर्फ निलंबन की कार्रवाई नहीं होगी, बल्कि मुकदमा दर्ज करवाकर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
सर्किट हाउस में हुई बातचीत के दौरान केशव प्रसाद ने दावा किया कि 15 जून 2017 के पहले प्रदेश की सड़कें गड्ढामुक्त हो जाएंगी। इसके लिए यूपी सरकार ने काम भी शुरू कर दिया है। अफसरों को निर्देश दिया गया है कि वे सड़क निर्माण की खुद निगरानी करें। अच्छी सड़क देना सरकार की प्राथमिकता में है। एक सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम ने कहा कि विभाग में जो भी घोटाले हुए हैं उनकी फाइलें खोली जाएगी।
ताकि दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। कौशांबी में छेड़खानी के बाद पुलिस के रवैये से तंग बीए की छात्रा द्वारा खुदकुशी किए जाने के मामले में केशव ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति जताई। यह भी कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पीएम मोदी द्वारा मन की बात कार्यक्रम में सप्ताह में एक दिन पेट्रोल-डीजल बचाए जाने की नसीहत पर केशव ने कहा कि यूपी सरकार एक कदम आगे बढ़कर इस अपील पर काम करेगी।