शादी में शासन की गाइडलाइन का पालन न करने की वर-वधू पक्ष के अलावा गेस्ट हाउस संचालकों को भी भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को ऐसे 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा लिखने का आदेश दिया गया है।
लंबे इंतजार के बाद बुधवार से शादियों की शुरुआत हुई। चूंकि, लाकडाउन की वजह से गर्मी की लगन में गिनती की शादियां हुईं थीं। ऐसे में इस लगन में पहले दिन ही काफी शादियां रहीं और करीब सभी गेस्टहाउस बुक रहे। शादी की धूम देखने को भी मिली, लेकिन इस दौरान कोविड संक्रमण के मद्देनजर जारी गाइडलाइन का पालन न करने वालों का उत्साह फीका पड़ गया।
डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने शहर के शादी घरों के निरीक्षण का आदेश दिया। इसके लिए सिटी मजिस्ट्रेट और एसीएम की अगुवाई में टीम मनाई गई थी। टीम के सदस्यों ने शहर के ज्यादातर गेस्ट हाउस, शादी घरों का निरीक्षण किया।
14 शादी घरों में गाइडलाइन का उल्लंघन होते पाया गया। इन शादियों में अनुमति से कहीं अधिक लोग शामिल रहे। लोगों ने मास्क भी नहीं लगा रखा था। इसके अलावा अन्य मानकों का भी पालन नहीं किया गया। इस पर डीएम ने सभी आयोजकों और शादी घर संचालकों के खिलाफ मुकदमा लिखाए जाने का आदेश दिया। देर रात तक मुकदमा लिखे जाने की प्रक्रिया जारी थी।